डिप्टी CM अरुण साव की पहल पर बच्ची को मिला नया जीवन, परिवार में लौटी खुशियां

Deputy CM Sao Help: दिल में छेद की गंभीर बीमारी से जूझ रही बिलासपुर की बच्ची को डिप्टी CM अरुण साव की पहल पर नया जीवन मिला है। डिप्टी CM साव को बहुत गरीब घर की इस बेटी की गंभीर बीमारी की जानकारी मिलने पर उन्होंने रायपुर के MMI अस्पताल में निशुल्क ऑपरेशन की व्यवस्था करवाई। ऑपरेशन के बाद बच्ची की हालत में तेजी से सुधार हो रहा है। डिप्टी CM साव से बच्ची और उसके परिजनों ने शनिवार को बिलासपुर में भेंटकर निशुल्क इलाज के लिए आभार जताया। डिप्टी CM को देखते ही बच्ची के माता-पिता की आंखों में आंसू छलक आए।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में पहली बार शहीद पुलिस सेल का हुआ गठन, डिप्टी CM विजय शर्मा की पहल
उन्होंने कहा कि आप हमारे लिए भगवान के समान हैं। आपने हमारी बच्ची की जान बचाई है। आपके सहयोग की वजह से ही हमारी बेटी इस दुनिया में है। इसके लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। आप ऐसे ही लोगों की मदद करते रहें। बिलासपुर के चांटीडीह स्लम क्षेत्र में रहने वाले शीतलदास मानिकपुरी कबाड़ इकट्ठा कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनकी पत्नी रामेश्वरी बाई गृहिणी हैं। उनकी 13 साल की बेटी दिल में छेद की गंभीर बीमारी से पीड़ित थी। जटिल ऑपरेशन से ही इसका इलाज हो सकता था। पिछले दो सालों से ऑपरेशन के लिए वे इधर-उधर भटक रहे थे। उन्हें कहीं से भी कोई सहायता नहीं मिल रही थी। वे बेबस अपनी बेटी को इलाज के अभाव में तड़पता देख रहे थे। (Deputy CM Sao Help)

कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण परिवार निजी अस्पताल में ऑपरेशन में होने वाले बड़े खर्च को वहन करने में सक्षम नहीं था। ऐसे में पत्रकारों के माध्यम से डिप्टी CM अरुण साव को बच्ची की गंभीर बीमारी और परिवार की माली हालत के बारे में जब पता चला तो उन्होंने तत्काल इलाज के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। डिप्टी CM साव की पहल पर 25 जून को रायपुर के MMI नारायणा अस्पताल में बच्ची का निशुल्क सफल ऑपरेशन हुआ। विशेषज्ञों के इलाज और अच्छी देखभाल से उसकी सेहत में तेजी से सुधार हो रहा है। बेटी के सफल ऑपरेशन के बाद अब परिवार ने राहत की सांस ली है। परिवार की खुशियां अब लौट आई है। उन्होंने इसके लिए डिप्टी CM अरुण साव के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की है। (Deputy CM Sao Help)



