Digital arrest scam Raipur: दिल्ली पुलिस अफसर बनकर रिटायर्ड महिला GM को किया डिजिटल अरेस्ट, 3 करोड़ की ठगी

Digital arrest scam Raipur: राजधानी में ठगों ने खुद को दिल्ली पुलिस और ईडी अफसर बताकर दो लोगों को “डिजिटल अरेस्ट” कर करीब 3 करोड़ रुपए की ठगी की। सबसे बड़ा मामला विधानसभा थाना क्षेत्र की रिटायर्ड महिला जनरल मैनेजर का है, जिनसे दो महीने में 2.83 करोड़ रुपए ठग लिए गए। दूसरा मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है, जहां पति-पत्नी से 8.50 लाख रुपए ऐंठे गए।
फोन, वीडियो कॉल और धमकी से बनाया दबाव
रिटायर्ड महिला GM को एक कॉल आया, जिसमें खुद को एसबीआई कस्टमर केयर बताया गया। इसके बाद कॉल दिल्ली साइबर विंग को ट्रांसफर करने की बात कहकर महिला को वॉट्सऐप वीडियो कॉल किया गया। कॉल पर एक व्यक्ति पुलिस की वर्दी में दिखा और खुद को दिल्ली पुलिस का अधिकारी बताया।
यह भी पढ़ें :- Digital arrest scam Raipur: ईडी अफसर बनकर शिक्षक को रखा “डिजिटल अरेस्ट” में, दो दिन में 8.5 लाख की ठगी
उसने महिला को मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने की धमकी दी और कहा कि उनके आधार कार्ड से कई फर्जी खाते खोले गए हैं। फिर डराकर कहा गया कि रकम RTGS से ट्रांसफर करें, जिसे बाद में RBI वेरिफाई कर वापस किया जाएगा।
किस्तों में भेजे गए करोड़ों
डरी-सहमी महिला ने 2 महीने में अलग-अलग तारीखों पर कई बार पैसे ट्रांसफर किए:
-
23 मई: ₹6.15 लाख
-
13 जून: ₹25 लाख
-
17 जून: ₹21 लाख
-
18 जून: ₹90 लाख
-
21 जून: ₹40 लाख
-
25 जून: ₹35 लाख
-
1 जुलाई: ₹22 लाख
-
3 जुलाई से 10 जुलाई: ₹4.50 लाख
इस तरह कुल ₹2.83 करोड़ की ठगी हो गई। जब महिला ने पैसे वापस मांगे, तो ठगों ने जवाब में वॉट्सऐप पर लिखा – “आपके साथ फ्रॉड हो गया।”
महिला ने दर्ज कराई FIR, 38 लाख रुपए होल्ड
पीड़िता ने विधानसभा थाना में शिकायत दर्ज कराई है। महिला की जमा पूंजी थी, जो नौकरी के दौरान बचाई गई थी। पुलिस ने ठगी गई रकम में से ₹38 लाख होल्ड करवा लिए हैं और संबंधित बैंक खातों की जांच जारी है।
दूसरा मामला: ED बनकर पति-पत्नी से ठगे ₹8.50 लाख
टिकरापारा के दावड़ा कॉलोनी निवासी विनोद शर्मा और उनकी पत्नी मनोरमा को भी ठगों ने “डिजिटल अरेस्ट” किया। खुद को ईडी अफसर बताकर मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने की धमकी दी गई और खाते में ₹8.50 लाख ट्रांसफर करवा लिए गए। पीड़ितों ने टिकरापारा थाने में FIR दर्ज कराई है।
यह भी पढ़ें :- Digital arrest scam : डिजिटल अरेस्ट के मामले में दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लखनऊ से चार साइबर ठगों को किया गिरफ्तार



