प्रदेश के 7 लाख लोगों को देंगे पक्की छत: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

CM Bhupesh in Rajnandgaon: राजनांदगांव के ठेकवा गांव में भरोसे का सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया,  जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने की। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित भी किया। साथ ही कहा कि यह मुक्तिबोध की धरती है। हमारे लोक-कलाकारों की धरती है। संस्कारधानी से निकले कलाकारों को नमन करता हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने सबको खाद्य सुरक्षा देने का कार्य किया। सबका राशन कार्ड बन रहा है। हम किसानों से 20 क्विंटल प्रति एकड़ धान भी खरीदने वाले हैं। कोरोना महामारी के बावजूद हमने किसानों से धान की खरीदी जारी रखी। हम हमेशा किसान, मजदूर के हित में काम करते हैं। हम दो रुपए में गोबर खरीदते हैं। आज गौपालक हो, किसान हो, बेरोजगार साथी हो, हम विभिन्न योजनाओं से सबके खाते में पैसे डाल रहे हैं।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में बीते 5 साल में हुआ अभूतपूर्व विकास: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम आम जनता को ताकतवर बनाने का काम करते हैं। हमने फैसला किया है कि सात लाख लोगों को पक्की छत देना है। हमने अभी जो सामाजिक आर्थिक सर्वे कराया है उसमें 47 हजार लोग ऐसे मिले हैं, जिन्हें मकान चाहिए, उन्हें हम मकान दिलाएंगे। शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धियों के संबंध में चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने शिक्षा के ढांचे को मजबूत करने के लिए काम किया है। 30 हजार शिक्षकों की भर्ती की है। पुरानी पेंशन स्कीम फिर आरंभ की है। कोटवारों, मितानिन और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि हम अपने त्योहारों पर अवकाश दे रहे हैं। बहुत सुंदर छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का आयोजन कर रहे हैं। राजीव युवा मितान क्लब के सदस्य इनके आयोजन में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। (CM Bhupesh in Rajnandgaon)

CM भूपेश ने कहा कि छत्तीसगढ़ को सांस्कृतिक और आर्थिक रूप से समृद्ध करने का काम हम लोग करेंगे। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, कृषि मंत्री ताम्रध्वज साहू, स्कूल शिक्षा मंत्री रविंद्र चौबे, संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत, पीएचई मंत्री गुरु रुद्र कुमार, उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल, आदिम जाति कल्याण मंत्री मोहन मरकाम, बस्तर सांसद दीपक बैज ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, विधानसभा अध्यक्ष चरण दास महंत भी मौजूद रहे। साथ ही वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री मोहम्मद अकबर, नगरीय प्रशासन मंत्री शिव डहरिया, राजस्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेंड़िया और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। (CM Bhupesh in Rajnandgaon)

Related Articles

Back to top button