रायपुर में जादू-टोने के शक में बुजुर्ग दंपती की हत्या, कुल्हाड़ी और हंसिया से किए ताबड़तोड़ वार, मां की मौत का जिम्मेदार मानता था पड़ोसी

Double Murder in Arang: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगे आरंग क्षेत्र में जादू-टोने के शक में बुजुर्ग दंपती की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। बिरबिरा गांव में 65 साल के सदाशी साहू और उनकी 62 साल की पत्नी आसबती साहू की कुल्हाड़ी और हंसिया से हमला कर हत्या कर दी गई। इस वारदात को अंजाम देने का आरोप उनके पड़ोस में रहने वाले 22 साल के रॉकी साहू पर है। आरोपी को शक था कि बुजुर्ग दंपती ने जादू-टोना कर उसकी मां की जान ली है। इसी अंधविश्वास के चलते उसने दोनों की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी महिला के शरीर पर पहने सोने-चांदी के जेवर भी निकालकर ले गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार, खून लगी जींस और लूटे गए जेवर बरामद किए गए हैं।
यह भी पढ़ें:- महाराजा अग्रसेन जी ने दिया दानशीलता और परोपकार का अमूल्य संदेश : राज्यपाल रमेन डेका
पुलिस के मुताबिक घटना 6 अक्टूबर की रात की है। सदाशी साहू और उनकी पत्नी आसबती साहू खाना खाने के बाद अपने घर में सो गए थे। इसी दौरान रात करीब 11:30 बजे आरोपी रॉकी साहू कुल्हाड़ी और हंसिया लेकर उनके घर पहुंचा। बताया गया है कि वह अपने घर की छत के रास्ते बुजुर्ग दंपती के घर में दाखिल हुआ। आरोपी ने सबसे पहले दूसरे कमरे में सो रहे सदाशी साहू के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया। इसके बाद वह उनकी पत्नी आसबती साहू के कमरे में पहुंचा और उनके सिर, चेहरे समेत गले पर हमला किया। इसके बाद हंसिया से उनके सीने और पेट पर भी वार किए। हमले इतने गंभीर थे कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस को दोनों के शव अलग-अलग कमरों में मिले थे। शवों की हालत बेहद खराब थी।
हत्या के बाद महिला के शरीर से निकाले जेवर
जांच में सामने आया कि बुजुर्ग दंपती की हत्या करने के बाद आरोपी ने महिला के शरीर पर पहने जेवर निकाल लिए। वह चांदी का कमरबंध, ऐंठी, माला और सोने के जेवर के साथ घर में रखी अंगूठी, बिछिया और सिक्के भी ले गया। वारदात के बाद उसने सबूत छिपाने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने खून लगे हथियारों को नाली में धोया और उन्हें सफेद बोरी में रखकर तामासिवनी रोड के किनारे झाड़ियों में छिपा दिया। बाद में पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हथियार और लूटे गए जेवर बरामद कर लिए। जांच के दौरान खून लगी जींस भी जब्त की गई है। इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा 8 अक्टूबर को हुआ, जब गांव के सरपंच चम्मन लाल साहू ने पुलिस को घर में बुजुर्ग पति-पत्नी के शव मिलने की सूचना दी। सूचना मिलते ही आरंग पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। (Double Murder in Arang)
एक साल पहले हुई थी आरोपी की मां की मौत
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक साइंस लैब यानी FSL की टीम को भी बुलाया। दोनों टीमों ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने गांव में पूछताछ शुरू की। ग्रामीणों से मिली जानकारी और जांच के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में मदद मिली। पूछताछ में उसकी मां की मौत और बुजुर्ग दंपती के प्रति उसके शक की बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक आरोपी रॉकी साहू की मां की करीब एक साल पहले मौत हो गई थी। इसके बाद से वह बुजुर्ग दंपती को अपनी मां की मौत का जिम्मेदार मानने लगा था। उसे शक था कि दोनों ने जादू-टोना किया था, जिसके कारण उसकी मां की जान चली गई। इसी शक और अंधविश्वास के चलते उसने दोनों की हत्या करने की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।
करीब 10 एकड़ जमीन पर खेती करते थे दंपती
CSP अभिषेक झा के मुताबिक आरोपी बुजुर्ग दंपती की हत्या के पीछे अपनी मां की मौत को लेकर बना शक ही मुख्य वजह बता रहा है। गांव में पूछताछ और पुलिस की जांच के दौरान मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सदाशी साहू और आसबती साहू गांव में खेती-किसानी कर जीवनयापन करते थे। उनके पास करीब 10 एकड़ कृषि भूमि थी, जिस पर वे खेती करते थे। उनके दो बेटे हैं, जो रायपुर में रहकर काम करते हैं। वहीं उनकी दो बेटियों की शादी हो चुकी है और वे अपने ससुराल में रहती हैं। बुजुर्ग दंपती की हत्या की खबर सामने आने के बाद गांव में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों के बीच इस वारदात को लेकर चर्चा रही। अंधविश्वास के शक में अपने ही पड़ोस में रहने वाले बुजुर्ग दंपती की हत्या किए जाने से मामला और गंभीर हो गया है। (Double Murder in Arang)

अंधविश्वास बना दोहरी हत्या की वजह
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर टंगिया, हंसिया, खून लगी जींस और लूटे गए सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। आरोपी रॉकी साहू को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। आरंग के बिरबिरा गांव में हुई यह वारदात अंधविश्वास और जादू-टोने के शक के खतरनाक परिणामों को सामने लाती है। मां की मौत का बदला लेने के संदेह में आरोपी ने दो बुजुर्गों की जान ले ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार और जेवर बरामद कर लिए हैं। अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एक तरफ देश आधुनिकता, विज्ञान और तकनीक के दम पर आगे बढ़ रहा है तो दूसरी तरफ अंधविश्वास आज भी लोगों की सोच पर हावी है। आरंग की यह वारदात इसी विरोधाभास की भयावह तस्वीर है, जहां जादू-टोने के शक ने दो बुजुर्गों की जिंदगी छीन ली। सवाल यही है कि आखिर आधुनिक समाज में अंधविश्वास की जड़ें कब कमजोर होंगी और कब इंसान किसी भी आरोप पर भरोसा करने से पहले सच और सबूत को महत्व देना सीखेगा ?




