सूरजपुर में मां-बेटे की संदिग्ध मौत से सनसनी, जंगल में मिला छात्र सुजल का शव, टीचर मां की घर में मिली लाश

Suspicious Death in Surajpur: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में मां-बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। 12वीं कक्षा के छात्र सुजल बरेठ का शव महावीरपुर जाने वाली सड़क के किनारे जंगल में मिला, जबकि उसकी मां रजनी बरोट का शव केशवनगर स्थित उनके किराए के मकान के बाथरूम से बरामद किया गया। दोनों के शव अलग-अलग जगहों पर मिलने से मामले की गंभीरता बढ़ गई है। पुलिस हत्या समेत अलग-अलग पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। जानकारी के मुताबिक सुजल बरेठ सूरजपुर के कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल में 12वीं कक्षा का छात्र था। 10 अक्टूबर की सुबह करीब 8 बजे उसका शव महावीरपुर के जंगल में मिला था।
छात्र के शरीर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए थे। शव मिलने के बाद पुलिस ने उसकी पहचान करने की प्रक्रिया शुरू की। उसी दिन रात करीब 8 बजे सुजल की शिनाख्त हुई। इसके बाद जब पुलिस ने उसकी मां रजनी बरोट से संपर्क करने की कोशिश की तो उनका मोबाइल बंद मिला। सुजल की पहचान होने के बाद भी उसकी मां से संपर्क नहीं हो पाने पर पुलिस उनके केशवनगर स्थित घर पहुंची। मकान बंद मिलने पर पुलिस ने देर रात करीब 2 बजे ताला तोड़ा। अंदर बाथरूम में रजनी बरोट का शव मिला। रजनी पेशे से शिक्षिका थी और बेलटिकरी मिडिल स्कूल में पदस्थ थी। इस तरह मां और बेटे की मौत की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी। पुलिस के अनुसार 9 अक्टूबर की सुबह सुजल के लापता होने की जानकारी सामने आई थी। इसी दिन से रजनी बरोट का मोबाइल भी बंद बताने लगा था। (Suspicious Death in Surajpur)
पांच साल पहले हुआ था शिक्षिका का तलाक
परिजनों और रिश्तेदारों ने सुजल की गुमशुदगी की रिपोर्ट विश्रामपुर थाने में दर्ज कराई थी। अगले दिन जंगल में छात्र का शव मिलने और बाद में उसकी मां की लाश बरामद होने के बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया। जानकारी के मुताबिक रजनी बरोट मूल रूप से जांजगीर की रहने वाली थी। करीब पांच साल पहले उनका पति से तलाक हो गया था। इसके बाद वह केशवनगर में किराए के मकान में रह रही थी। पुलिस की पूछताछ में रजनी के एक युवक के साथ संबंध होने की जानकारी भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि युवक का उनके घर आना-जाना था। जांच के दौरान यह बात भी सामने आई है कि रजनी बरोट ने कुछ महीने पहले करीब 20 लाख रुपए का लोन लिया था। बताया जा रहा है कि इस रकम को लेकर उनका प्रेमी के साथ विवाद हुआ था। पुलिस इस जानकारी की भी पड़ताल कर रही है। हालांकि मां-बेटे की मौत के पीछे यही वजह थी या नहीं, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल हिरासत में लिए गए संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है। (Suspicious Death in Surajpur)
डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थलों पर डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं। इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले गए हैं। पुलिस इन फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने की कोशिश कर रही है। SP योगेश पटेल के मुताबिक रजनी बरोट का मोबाइल 9 अक्टूबर से बंद था और उसके बाद उन्हें किसी ने नहीं देखा था। मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है और कुछ अहम सुराग मिलने की बात भी कही गई है। सुजल की मौत की खबर से कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल में शोक का माहौल है। स्कूल प्रबंधन ने छात्र को श्रद्धांजलि देने के लिए एक दिन का अवकाश घोषित किया है। स्कूल में पढ़ने वाले छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस मां-बेटे की मौत के मामले में साक्ष्य जुटाने, संदिग्ध से पूछताछ करने और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में लगी है। मौत की वास्तविक वजह और इसमें किसी की भूमिका को लेकर स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।




