मूंगफली के विवाद में खौफनाक अंजाम, बोलेरो से कुचलकर पिता और बेटे की हत्या, छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल

Double Murder in Surajpur: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के तीवरागुड़ी गांव में आपसी रंजिश और पुलिस की लापरवाही ने एक ही परिवार के दो लोगों की जान ले ली। मूंगफली खाने के विवाद से शुरू हुआ झगड़ा हत्या की वारदात में बदल गया। बोलेरो से जानबूझकर बाइक सवार पिता और उनके दो बेटों को कुचल दिया गया, जिससे पिता और बड़े बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल है, जो जिला अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के पत्र को लेकर सियासी घमासान, पूर्व CM भूपेश बघेल ने गृहमंत्री शर्मा के मानसिकता पर उठाए सवाल
विवाद की शुरुआत 22 सितंबर की शाम उस वक्त हुई जब त्रिवेणी रवि का 16 साल का बेटा करण रवि खेत में मूंगफली खा रहा था। इसी दौरान पास के खेत में काम कर रहे रिश्तेदार नर्मदा सोनवानी और उसके बेटों ओमप्रकाश और जयप्रकाश ने करण पर उनके खेत की मूंगफली चोरी करने का आरोप लगाते हुए उसे रॉड से पीट दिया। इस दौरान करण का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया गया। शोर सुनकर करण के पिता त्रिवेणी रवि (41 साल) और बड़ा भाई राजा बाबू (21 साल) मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। तीनों घायल अवस्था में रामानुजनगर थाने पहुंचे और घटना की शिकायत दर्ज करवाई। (Double Murder in Surajpur)
पुलिस पर सहयोग नहीं करने का आरोप
पीड़ित परिवार का आरोप है कि थाने में भी उन्हें आरोपियों की ओर से धमकियां मिलती रही। यहां तक कि ओमप्रकाश ने खुलेआम यह धमकी दी कि वो त्रिवेणी और उसके बेटों को बोलेरो से कुचल देगा। त्रिवेणी परिवार ने आशंका जताई कि आरोपी उन पर जानलेवा हमला कर सकते हैं, इसलिए पुलिस से उन्हें घर तक सुरक्षित छोड़ने की गुजारिश की गई, लेकिन पुलिस ने कथित तौर पर यह कहकर मना कर दिया कि वे उनका वेतन नहीं देते। थाने से पीड़ितों को बिना सुरक्षा घर भेज दिया गया। (Double Murder in Surajpur)
बोलेरो से कुचलकर की गई हत्या
रात करीब 11 बजे त्रिवेणी रवि अपने दोनों बेटों राजा बाबू और करण के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। नकना चौक के पास अचानक एक बोलेरो वाहन ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बोलेरो में ओमप्रकाश, जयप्रकाश, नर्मदा सोनवानी और बाबूलाल सवार थे। ये वही लोग थे, जिन्होंने दिन में हमला किया था। हादसे में त्रिवेणी और राजा बाबू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करण गंभीर रूप से घायल हुआ। आनन-फानन में तीनों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने राजा बाबू को मृत घोषित कर दिया और त्रिवेणी को अंबिकापुर रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी भी मौत हो गई। करण रवि का इलाज सूरजपुर जिला अस्पताल में जारी है। (Double Murder in Surajpur)
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल
इस अपराध के बाद पुलिस विभाग पर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि अगर पुलिस ने समय रहते पीड़ितों की शिकायत को गंभीरता से लिया होता तो दो लोगों की जान बचाई जा सकती थी। वहीं आरोप है कि पुलिस ने बार-बार सूचना देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की और पीड़ितों की सुरक्षा को नजरअंदाज कर दिया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिससे साफ होता है कि यह हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी। फिलहाल सभी आरोपी घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। (Double Murder in Surajpur)
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि मामूली विवाद को अगर समय पर नियंत्रित किया गया होता तो यह भयावह घटना न होती। पुलिस की निष्क्रियता और संवेदनहीनता ने एक परिवार को उजाड़ दिया। रामानुजनगर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। हालांकि पुलिस अधिकारी अभी तक यह स्वीकार नहीं कर रहे कि शिकायत पर समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। सूरजपुर की यह घटना न केवल आपसी रंजिश का खौफनाक रूप है, बल्कि यह पुलिस व्यवस्था की संवेदनहीनता और असंवेदनशील प्रशासनिक रवैये को भी उजागर करती है। अब सवाल यह है कि क्या दो जानें जाने के बाद भी प्रशासन नींद से जागेगा या फिर एक और केस फाइलों में दब जाएगा ?



