Google Analytics —— Meta Pixel

ड्राइवर बना मास्टरमाइंड: 50 लाख गबन कांड का पर्दाफाश, 7 गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी में 50 लाख रुपये के गबन मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी ड्राइवर कृष्णा साहू सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खम्हारडीह थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के पास से 49,50,000 रुपये नकद, एक एमजी विंडसर कार और घटना में प्रयुक्त वर्ना कार जब्त की गई है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 66.50 लाख रुपये आंकी गई है।

पहले से रची गई थी साजिश

पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी कृष्णा साहू कंपनी में ड्राइवर के पद पर कार्यरत था। उसने अपने रिश्तेदारों और साथियों के साथ मिलकर गबन की पूरी योजना पहले ही तैयार कर ली थी।

यह भी पढ़े :- कांकेर सांसद भोजराज नाग को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, EVM छेड़छाड़ की याचिका खारिज

25 अप्रैल 2026 को कंपनी का अकाउंटेंट भूपेंद्र देवांगन करीब 50 लाख रुपये लेकर बैंक जा रहा था। इसी दौरान गीतांजली नगर स्थित भारत माता चौक के पास कृष्णा साहू ने गुटखा लेने का बहाना बनाकर भूपेंद्र को कार से उतार दिया और नकदी सहित वाहन लेकर फरार हो गया।

ऐसे पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी

घटना के बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपी के भागने के रास्तों का पता लगाया। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर कृष्णा साहू को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों और रिश्तेदारों की संलिप्तता कबूल की, जिसके बाद एक महिला सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी

  • कृष्णा साहू (मुख्य आरोपी)
  • कन्हैया राणा
  • सविता साहू
  • भुनेश्वर साहू
  • ओमप्रकाश साहू
  • विष्णु प्रसाद पटेल
  • टीकम पटेल

इस मामले में थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 136/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(4), 306 और 3(5) के तहत केस दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस पूरे मामले को सुलझाने में सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी ट्रैकिंग और लगातार दबिश की रणनीति अहम साबित हुई। आरोपियों द्वारा आपस में बांटी गई पूरी रकम भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संगठित अपराधों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Back to top button
error: Content is protected !!