Google Analytics —— Meta Pixel

चलती ट्रेन में खूनी वारदात, मोबाइल छीनने के लिए डंडे से किया हमला; यात्री की गई जान, पढ़े पूरी खबर

दुर्ग के शिवाजीनगर के पास इंटरसिटी एक्सप्रेस में मोबाइल लूटने की कोशिश के दौरान दो नाबालिगों ने यात्री मोहम्मद फैजान पर डंडे से हमला किया। ट्रेन से गिरकर यात्री की मौत हो गई।

भिलाई। दुर्ग जिले में चलती ट्रेन में मोबाइल लूटने की कोशिश ने एक यात्री की जान ले ली। शिवाजीनगर के पास इंटरसिटी एक्सप्रेस में सफर कर रहे मोहम्मद फैजान पर मोबाइल छीनने की कोशिश के दौरान दो नाबालिगों ने डंडे से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से यात्री का संतुलन बिगड़ गया और वह चलती ट्रेन से नीचे जा गिरा। हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोट आई। घायल यात्री को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। खुर्सीपार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नाबालिगों को हिरासत में लिया है।

मोबाइल छीनने के लिए चलती ट्रेन में किया हमला

मिली जानकारी के मुताबिक, मोहम्मद फैजान इंटरसिटी एक्सप्रेस में सफर कर रहे थे। इसी दौरान शिवाजीनगर के पास दो नाबालिगों ने उनका मोबाइल फोन लूटने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि मोबाइल छीनने के प्रयास के दौरान आरोपियों ने फैजान पर डंडे से वार कर दिया।

अचानक हुए हमले से फैजान संभल नहीं पाए और चलती ट्रेन से नीचे गिर गए। नीचे गिरने के कारण उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद घायल यात्री को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

खुर्सीपार पुलिस ने दोनों नाबालिगों को पकड़ा

घटना की सूचना मिलते ही खुर्सीपार पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में ले लिया है। मामले में हत्या और लूट से संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है।

फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा पर उठे सवाल

चलती ट्रेन में मोबाइल लूटने की कोशिश के दौरान हुई इस घटना ने रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। महज एक मोबाइल फोन के लिए किए गए हमले में एक यात्री की जान चली गई। घटना ने एक बार फिर ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों के आसपास यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Back to top button
error: Content is protected !!