तिब्बत में भूकंप से भारी तबाही, अब तक 126 लोगों की मौत, सैकड़ों घायल

Earthquake in Tibet: चीन के तिब्बत प्रांत में भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। भूकंप से अब तक 126 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 188 घायल हो गए। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के मुताबिक भूकंप की तीव्रता 7.1 थी, जिसका केंद्र तिब्बत के डिंगरी में जमीन से 10 किलोमीटर नीचे था। वहीं चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने भूकंप पीड़ितों की मदद के लिए हरसंभव कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। चीन में भूकंप से करीब 1 हजार घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। पहला भूकंप आने के बाद 3 घंटे के भीतर 4.4 तीव्रता के करीब 50 भूकंप आए। चीन भूकंप नेटवर्क केंद्र ने बताया कि 7 जनवरी का भूकंप पिछले 5 साल में 200 किलोमीटर यानी 124 मील के दायरे में दर्ज किया गया सबसे शक्तिशाली भूकंप था।
यह भी पढ़ें:- ग्रामीण अंचलों के विकास के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्धता: वित्त मंत्री ओपी चौधरी
बता दें कि भूकंप के झटके नेपाल, बांग्लादेश, भूटान समेत भारत के सिक्किम और उत्तराखंड में भी महसूस किए गए। इससे पहले दिसंबर 2023 में चीन के गांसु प्रांत में 6.2 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें 151 लोगों की मौत हुई थी। वहीं तिब्बत के आध्यात्मिक नेता दलाई लामा ने कहा कि वे बहुत दुखी हैं और भूकंप में मारे गए लोगों के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। चीन की सरकारी एजेंसी के मुताबिक 1500 से ज्यादा बचावकर्मियों को भेजा गया है। साथ ही टेंट, कोट, रजाई, फोल्डिंग बेड समेत 22 हजार से ज्यादा सामान भी प्रभावित इलाके में भेजे गए हैं। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने हताहतों की संख्या को कम करने और प्रभावित लोगों की सहायता करने के लिए हरसंभव कदम उठाने को कहा है। (Earthquake in Tibet)

चीन की स्टेट काउंसिल ने भूकंप प्रभावित इलाके में टास्क फोर्स भेजी है। साथ ही लेवल-3 इमरजेंसी घोषित कर दी है। चीनी वायुसेना भी प्रभावित क्षेत्र में रेस्क्यू में जुटी हुई है। भूकंप की वजह से इलाके का इन्फ्रास्ट्रक्चर बुरी तरह डैमेज हो गया है, जिससे बिजली और पानी दोनों की सप्लाई बाधित हो गई है। भूकंप के मद्देनजर चीन ने माउंट एवरेस्ट के टूरिस्ट क्षेत्रों को बंद कर दिया है। जानकारी के लिए बता दें कि लेवल-3 की इमरजेंसी तब डिक्लेयर की जाती है, जब दुर्घटना इतनी बड़ी हो कि लोकल एडमिनिस्ट्रेशन और स्टेट की सरकार उससे नहीं निपट सकती। ऐसे हालात में केंद्र सरकार अपनी तरफ से तत्काल मदद भेजती है। (Earthquake in Tibet)




