ग्रामीण अंचलों के विकास के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्धता: वित्त मंत्री ओपी चौधरी

Minister Choudhary in Raigarh: वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने रायगढ़ जिले के पुसौर विकासखंड अंतर्गत बाघाडोला, नवापारा-अ और छपोरा में 70 लाख रुपए से ज्यादा के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस दौरान वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि हमारी सरकार गांव, गरीब, किसानों समेत सभी वर्गों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। ग्रामीण अंचलों में जनसुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। अधोसंरचना विकास के कार्य तेजी से आगे बढ़ाएं जा रहे है। वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार गठन के बाद 18 लाख आवास निर्माण को स्वीकृति दी गई। इन आवासों का निर्माण पूरी तेजी से करवाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में 7 जनवरी तक 106 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी, महासमुंद में 9425 क्विंटल से ज्यादा अवैध धान जब्त
उन्होंने कहा कि PM आवास योजना से गरीबों के पक्के मकान का सपना पूरा हो रहा है। महतारी वंदन योजना से महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं। उन्हें प्रतिमाह एक-एक हजार रुपए राशि उनके खाते में भेजी जा रही है, जिससे महिलाएं न सिर्फ आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं, बल्कि अपने घर-परिवार में भी निर्णय लेने में बराबरी का हक महसूस कर रही है। इसके साथ ही विभिन्न जनहितैषी योजनाओं के माध्यम से किसानों को आर्थिक मजबूती प्रदान करने के लिए कृषक उन्नति योजना के माध्यम से दो साल का बोनस दिया गया। इसी तरह किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल के मान से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदा जा रहा है। रामलला दर्शन योजना के माध्यम से बुजुर्गों को अयोध्या धाम के दर्शन कराए जा रहे हैं। (Minister Choudhary in Raigarh)


वित्त मंत्री चौधरी ने अधिकारियों से कहा कि सभी निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ किए जाए। इसमें समय-सीमा का भी विशेष ध्यान रखें। हमारा उद्देश्य लोगों को जनोपयोगी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी अपने दायित्वों का कुशलता पूर्वक निर्वहन करें। वित्त मंत्री चौधरी ने जिन विकास कार्यों का लोकार्पण उनमें बाघाडोला में 25 लाख 40 हजार रुपए की लागत से 3 सीसी रोड निर्माण, 1 लाख 50 हजार रुपए की लागत से दर्री तालाब में पचरी निर्माण, 10 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन के पास शेड निर्माण शामिल है। इसी तरह नावापारा-अ में 10 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड निर्माण और छपोरा में 12 लाख 90 हजार रुपए की लागत से आंगनबाड़ी भवन निर्माण और 10 लाख 35 हजार रुपए की लागत से मुक्तिधाम सह प्रतिक्षालय निर्माण शामिल है। (Minister Choudhary in Raigarh)




