Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में 7 जनवरी तक 106 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी, महासमुंद में 9425 क्विंटल से ज्यादा अवैध धान जब्त

Chhattisgarh Paddy Procurement: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का सिलसिला लगातार जारी है। प्रदेश में अब तक लगभग 106 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है। धान खरीदी के एवज में 20.53 लाख किसानों को बैंक लिकिंग व्यवस्था के तहत 23 हजार 790 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया है। धान खरीदी की शुरुआत 14 नवंबर 2024 से हुई थी, जो 31 जनवरी 2025 तक चलेगी। बता दें कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में प्रदेश के किसानों से सुगमता पूर्वक धान की खरीदी की जा रही है। वहीं धान खरीदी की व्यवस्था पर वरिष्ठ अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें:- CM साय ने सरगुजा सांसद और संभाग के सभी विधायकों के साथ की बड़ी बैठक, इन मुद्दों को लेकर हुई चर्चा

राज्य के सभी पंजीकृत कृषकों को खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में धान बेचने के लिए टोकन की सुविधा ऑनलाइन एप (टोकन तुंहर हाथ) और उपार्जन केंद्र में 25 जनवरी 2025 तक के लिए उपलब्ध कराया गया है। किसान सुविधा अनुसार तिथि का चयन कर नियमानुसार धान विक्रय कर सकते हैं। धान खरीदी के साथ-साथ मिलर्स धान का उठाव भी तेजी से कर रहे हैं। धान उठाव के लिए लगभग 79.15 लाख मीट्रिक टन धान के लिए डीओ और टीओ जारी किया गया है, जिसके विरूद्ध अब तक 49.15 लाख मीट्रिक टन धान का उठाव कर लिया गया है। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस खरीफ वर्ष के लिए 27.78 लाख किसानों ने पंजीयन कराया है। इसमें 1.59 लाख नए किसान शामिल है। (Chhattisgarh Paddy Procurement)

2739 उपार्जन केंद्रों खरीदी जारी

7 जनवरी 2025 को 65 हजार 321 किसानों से 3.41 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी की गई है। इसके लिए 75 हजार 905 टोकन जारी किए गए थे। 8 जनवरी के लिए 73 हजार 725 टोकन जारी किया गया है। इस साल 2739 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी अनुमानित है। वहीं महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर जिले में अवैध धान परिवहन और भंडारण पर प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी है। ऐसे मामलों में संबंधित वाहन, धान और तस्करी में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा धान के अवैध कारोबार में शामिल व्यापारियों पर भी जुर्माना लगाया जा रहा है। (Chhattisgarh Paddy Procurement)

निर्देशानुसार बिना उचित दस्तावेजों और अनुमति के धान परिवहन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है और ऐसे परिवहन को तुरंत जब्त किया जा रहा है। इसी कड़ी में 6 जनवरी को अवैध धान परिवहन के 2 प्रकरणों पर कार्रवाई की गई, जिसमें कुल 415 बोरा यानी 166 क्विंटल धान जब्त किया गया। जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि राजस्व, मंडी, खाद्य विभाग की ओर से जिले में अब तक खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में अवैध धान परिवहन के खिलाफ कुल 143 प्रकरणों पर कार्रवाई की गई हैं, जिसमें 3 प्रकरण अंतर्राज्यीय और 140 प्रकरण राज्यीय है। कार्रवाई में 23 हजार 765 बोरा धान (9425.77 क्विंटल) जब्त किया गया है। इस दौरान अवैध धान परिवहन में संलिप्त 14 वाहनों को भी जब्त किया गया है। (Chhattisgarh Paddy Procurement)

Back to top button
error: Content is protected !!