शिक्षा महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करती है : बृजमोहन

रायपुर : समग्र रूप से, छात्राओं की शिक्षा न केवल उनके व्यक्तिगत जीवन को सुधारती है बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसलिए लड़कियों को शिक्षित करना हम सभी की अहम जिम्मेदारी है यह बात रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल  (Raipur MP Brijmohan Agarwal) ने शनिवार को जे आर दानी में कही।

बृजमोहन अग्रवाल  (Raipur MP Brijmohan Agarwal) जे.आर. दानी शासकीय कन्या उत्कृष्ट हिंदी विद्यालय के शाला प्रवेश उत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

यह भी पढ़े :- Ayodhya Dham : राम मंदिर में गूंजा नारा, छत्तीसगढ़ के भांचा राम, जय श्री राम, जय श्री राम, साय कैबिनेट ने किए श्रीरामलला के दर्शन

कार्यक्रम का शुभारंभ बृजमोहन अग्रवाल  (Raipur MP Brijmohan Agarwal) ने स्कूल परिसर में पूज्यनीय माता जी की स्मृति में ‘एक पेड़ मां के नाम’ लगाकर किया। अपने संबोधन की शुरुवात बृजमोहन अग्रवाल ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के साथ की उन्होंने कहा कि, मां के नाम पर पेड़ लगाना, मां की सेवा, त्याग, प्रेम और उनके प्रति सम्मान और श्रद्धा प्रकट करने का एक तरीका है। यह एक स्थायी स्मारक है जो मां के प्रति सम्मान और प्रेम को दर्शाता है।

“एक पेड़ मां के नाम” न केवल पर्यावरण और समाज के लिए फायदेमंद है, बल्कि यह व्यक्तिगत और भावनात्मक स्तर पर भी महत्वपूर्ण होता है। क्योंकि हमारी सबसे ज्यादा चिंता करने वाली और हमें सबसे ज्यादा प्यार देने वाली मां होती है। यह धरती भी हमारी मां है जिसको बचाना हम सबका कर्तव्य है। आज ग्लोबल वार्मिंग के कारण पृथ्वी का तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है जिससे इंसानों के साथ-साथ यहां रहने वाले पशु पक्षियों के ऊपर भी खतरा मंडराने लगा है। और इससे बचने का एकमात्र तरीका है कि हम ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाकर इस पृथ्वी को बचा सके। उन्होंने छात्राओं से ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने और दूसरों को भी पौधा लगाने के लिए प्रेरित करने का आहृवाहन किया।

बृजमोहन अग्रवाल ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि, जे आर दानी स्कूल पूरे छत्तीसगढ़ में लड़कियों का सबसे उत्कृष्ट स्कूल है और आप सभी सौभाग्यशाली है कि आपको यहां पर पढ़ने का मौका मिल रहा है। यहां की पढ़ी हुई छात्राएं आज देश दुनिया में छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर रही हैं। यह स्कूल केवल शिक्षा ही नहीं बल्कि छात्रों के बहुमुखी विकास को ध्यान में रखते हुए काम करता है, जिसके कारण यहां की छात्राएं खेल-कूद, गीत-संगीत और दूसरे क्षेत्रों में भी अपना नाम रोशन करती आ रही हैं।

बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि, छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ही उन्होंने सालों पहले मंत्री पद पर रहते हुए यहां पर छात्रावास का निर्माण कराया था। जिसका फायदा आज हजारों छात्रों को हो रहा है। उन्होंने कहा कि, छात्राओं में शिक्षा का महत्व अत्यधिक महत्वपूर्ण है और समाज के संपूर्ण विकास के लिए अनिवार्य है। शिक्षा न केवल व्यक्तिगत विकास को प्रोत्साहित करती है, बल्कि यह आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक प्रगति को भी बढ़ावा देती है। शिक्षित महिलाएं अपने और अपने परिवार के स्वास्थ्य का बेहतर ख्याल रखती हैं।वे आर्थिक रूप से स्वतंत्र हो जाती हैं। शिक्षा महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करती है।

अग्रवाल ने स्कूल प्रबंधन को नई शिक्षा नीति के तहत काम करने को कहा जिससे छात्राओं का बहुमुखी विकास हो सके और पढ़ाई के साथ-साथ कौशल विकास के जरिए भी उनको आत्मनिर्भर बनाया जा सके। बृजमोहन ने स्कूल में सभागार निर्माण के लिए 50 लाख रुपए देने की घोषणा भी की। कार्यक्रम में बृजमोहन अग्रवाल ने 10वीं और 12वीं की मेघावी छात्रों के साथ ही शिक्षा, खेलकूद, संगीत, एनसीसी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया तथा छात्राओं को गणवेश एवं पुस्तक और साइकिल भी वितरित की। बृजमोहन अग्रवाल के हाथों सम्मान मिलने पर छात्राएं काफी खुश नजर आईं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व नेता प्रतिपक्ष नगर निगम सुभाष तिवारी ने की, पार्षद डॉ सीमा कंदोई, जिला शिक्षा अधिकारी विजय खंडेलवाल, प्रभारी प्राचार्य हितेश दीवान, मनोज वर्मा, मृत्युंजय दुबे, सरिता वर्मा, सविता दुबे समेत शिक्षक, शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

Back to top button
error: Content is protected !!