भाजपा की नीति, विवाद की नहीं संवाद की है…हम विरोध में नहीं, सहयोग में विश्वास करते हैं: PM नरेंद्र मोदी

Ek Varsh Parinaam Utkarsh: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के जयपुर में ‘एक वर्ष-परिणाम उत्कर्ष’ कार्यक्रम को संबोधन किया। उन्होंने कहा कि मैं राजस्थान की जनता और राजस्थान की भाजपा सरकार को एक साल पूरा करने के लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूं। अभी कुछ दिन पहले ही मैं ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के लिए राजस्थान आया था। देश और दुनिया भर के बड़े-बड़े निवेशक यहां जुटे थे। आज भाजपा की डबल इंजन की सरकारें सुशासन का प्रतीक बन रही हैं। भाजपा जो भी संकल्प लेती है, वो पूरा करने का ईमानदारी से प्रयास करती है। आज देश के लोग कह रहे हैं कि भाजपा, सुशासन की गारंटी है। तभी तो एक के बाद एक राज्यों में आज भाजपा को इतना भारी जनसमर्थन मिल रहा है।

यह भी पढ़ें:- मध्यप्रदेश और राजस्थान के बीच पानी को लेकर 20 साल पुराना झगड़ा खत्म, PM मोदी की मौजूदगी में हुआ समझौता 

PM मोदी ने कहा कि देश ने लोकसभा में भाजपा को लगातार तीसरी बार देश की सेवा करने का अवसर दिया है। बीते 60 सालों में हिंदुस्तान में ऐसा नहीं हुआ था। अभी कुछ दिन पहले ही महाराष्ट्र में भाजपा ने लगातार दूसरी बार सरकार बनाई है। चुनाव नतीजों के हिसाब से देखें तो वहां भी लगातार तीसरी बार बहुमत मिला है। वहां भी पहले से कहीं ज्यादा सीटें भाजपा को मिली हैं। इससे पहले हरियाणा में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है। हरियाणा में भी पहले से ज्यादा बहुमत लोगों ने दिया है। अभी हुए राजस्थान के उपचुनाव में भी हमने देखा है कि कैसे भाजपा को लोगों ने जबरदस्त समर्थन दिया है। ये दिखाता है कि भाजपा के काम और भाजपा के कार्यकर्ताओं की मेहनत और आज जनता-जनार्दन को कितना विश्वास है। (Ek Varsh Parinaam Utkarsh)

10 साल से केंद्र में भाजपा की सरकार: PM मोदी

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने यहां 1 साल में हजारों भर्तियां भी निकाली है। यहां पूरी पारदर्शिता से परीक्षाएं भी हुई हैं, नियुक्तियां भी हो रही हैं। भाजपा ने जो वायदे किए थे, उन्हें वो तेजी से पूरा कर रही है। ये कार्यक्रम भी इसी की एक अहम कड़ी है। राजस्थान के लोगों के आशीर्वाद से बीते 10 साल से केंद्र में भाजपा की सरकार है। इन 10 सालों में हमने देश के लोगों को सुविधाएं देने, उनके जीवन से मुश्किलें कम करने पर बहुत जोर दिया है। अटल जी ने नदियों को जोड़ने का विजन रखा था। उन्होंने इसके लिए उन्होंने विशेष कमेटी भी बनाई। मकसद यही था कि जिन नदियों में जरूरत से ज्यादा पानी है, उसको सूखाग्रस्त क्षेत्रों तक पहुंचाया जा सके। इससे बाढ़ की समस्या और सूखे की समस्या, दोनों का समाधान संभव था। सुप्रीम कोर्ट ने भी इसके समर्थन में बातें कही हैं, लेकिन कांग्रेस कभी आपके जीवन से पानी की मुश्किलें कम नहीं करना चाहती। (Ek Varsh Parinaam Utkarsh)

कांग्रेस ने तरह-तरह के हथकंडे अपनाए: PM मोदी

PM मोदी ने कहा कि हमारी नदियों का पानी बहकर सीमापार चला जाता था, लेकिन हमारे किसानों को इसका लाभ नहीं मिलता था। कांग्रेस, समाधान के बजाय, राज्यों के बीच जल-विवाद को ही बढ़ावा देती रही। मैं जब गुजरात का मुख्यमंत्री था, तब मां नर्मदा का पानी गुजरात के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाने का बड़ा अभियान चलाया था, तब उसे रोकने के लिए भी कांग्रेस द्वारा और कुछ एनजीओ द्वारा तरह-तरह के हथकंडे अपनाए गए। पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना…ERCP को कांग्रेस ने कितना लटकाया, ये भी कांग्रेस की नीयत का प्रत्यक्ष प्रमाण है। ये किसानों के नाम पर बातें बड़ी-बड़ी करते हैं, लेकिन किसानों के लिए न खुद कुछ करते हैं और ना दूसरों को करने देते हैं। भाजपा की नीति, विवाद की नहीं संवाद की है। (Ek Varsh Parinaam Utkarsh)

हम विरोध में नहीं, सहयोग में विश्वास करते हैं: PM

प्रधानमंत्री ने कहा कि हम विरोध में नहीं, सहयोग में विश्वास करते हैं। हम व्यवधान में नहीं, समाधान पर यकीन करते हैं। इसलिए, हमारी सरकार ने पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना को स्वीकृत भी किया है और विस्तार भी किया है। जैसे ही MP और राजस्थान में भाजपा सरकार बनी तो, पार्वती-कालीसिंध-चंबल परियोजना… MPKC लिंक परियोजना पर समझौता हो गया। ये असाधारण घटना है। एक साल का उत्सव तो है ही, लेकिन आने वाली सदियों का उज्ज्वल भविष्य आज इस मंच से लिखा जा रहा है। इस परियोजना में चंबल और इसकी सहायक नदियों जैसे पार्वती, कालीसिंध, बनास, बाणगंगा का पानी आपस में जोड़ा जाएगा। पार्वती, कालीसिंध, चंबल परियोजना से राजस्थान के 21 जिलों में सिंचाई का पानी भी मिलेगा और पेयजल भी पहुंचेगा। इससे राजस्थान और मध्य प्रदेश दोनों के विकास में तेजी आएगी। मुझे विश्वास है कि राजस्थान में भी जल्द से जल्द शत-प्रतिशत घरों तक नल से जल पहुंचेगा। (Ek Varsh Parinaam Utkarsh)

रोजगार के हर साधन पर बल दे रहे: PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारे सी.आर. पाटिल के नेतृत्व में जनभागीदारी से एक अभियान चलाया जा रहा है। रेन वाटर हार्वेस्टिंग के लिए रिचार्ज वेल बनाएं जा रहे हैं। भारत के जिन राज्यों में पानी की किल्लत है, वहां अब तक करीब-करीब 3 लाख रेन वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर बन चुके हैं। नारी शक्ति को मजबूत करने के लिए हम अनेक नई योजनाएं बना रहे हैं। अब जैसे नमो ड्रोन दीदी योजना है। इसके तहत हजारों बहनों को ड्रोन पायलट की ट्रेनिंग दी जा रही है। हजारों समूहों को ड्रोन मिल भी चुके हैं। हाल में ही हमने बहनों-बेटियों के लिए एक और बड़ी योजना शुरु की है। ये योजना है बीमा सखी स्कीम। इसके तहत, गांवों में बहनों-बेटियों को बीमा के काम से जोड़ा जाएगा, उन्हें ट्रेनिंग दी जाएगी। भाजपा सरकार का निरंतर प्रयास है कि गांव की आर्थिक स्थिति बेहतर हो, ये विकसित भारत बनाने के लिए बहुत जरुरी है। इसलिए, गांवों में कमाई और रोजगार के हर साधन पर हम बल दे रहे हैं। (Ek Varsh Parinaam Utkarsh)

कई समझौते भाजपा सरकार ने किए: PM मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि राजस्थान में बिजली के क्षेत्र में कई समझौते भाजपा सरकार ने किए हैं। इनका सबसे ज्यादा फायदा हमारे किसानों को होने वाला है। राजस्थान सरकार की योजना है कि यहां के किसानों को दिन में भी बिजली उपलब्ध हो सके। किसान को रात में सिंचाई की मजबूरी से मुक्ति मिलें, ये इस दिशा में बहुत बड़ा कदम है। भाजपा के लिए दल से बड़ा देश है। हर भाजपा कार्यकर्ता देश के लिए जागरूक और समर्पित भाव से काम कर रहा है। भाजपा कार्यकर्ता सिर्फ राजनीति से नहीं बल्कि सामाजिक समस्याओं के समाधान से भी जुड़ता है। आज राजस्थान में विकास के जो आधुनिक काम हो रहे हैं, जो इंफ्रास्ट्रक्चर बना रहा है, ये वर्तमान और भावी पीढ़ी सबके काम आएगा। ये विकसित राजस्थान बनाने के काम आएगा। जब राजस्थान विकसित होगा, तो भारत भी तेजी से विकसित होगा। आने वाले सालों में डबल इंजन की सरकार और तेज गति से काम करेगी। (Ek Varsh Parinaam Utkarsh)

Back to top button
error: Content is protected !!