Google Analytics —— Meta Pixel

फिर हाथी शावक की मौत, 30 दिन में 4 मौतें, क्या हाथियों का ‘डेथ जोन’ बनता जा रहा रायगढ़ ?

Elephant Calf Death: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक बार फिर हाथी शावक की मौत ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खरसिया वन परिक्षेत्र के गुर्दा और देहजरी के बीच मांड नदी में एक हाथी शावक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में शावक की मौत पानी में डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर लगातार हाथी शावकों की मौत क्यों हो रही है और इन घटनाओं को रोकने में वन विभाग क्यों नाकाम साबित हो रहा है ? जानकारी के मुताबिक रविवार रात करीब 52 हाथियों का दल छाल रेंज से खरसिया वन परिक्षेत्र पहुंचा था।

यह भी पढ़ें:- बिलासपुर में लव मैरिज की सजा, 8 जोड़ों का सामाजिक बहिष्कार, जीते जी करा दिया गया ‘मृत्युभोज’, रिश्तों पर समाज का अमानवीय फरमान

आशंका है कि हाथियों का झुंड गुर्दा और देहजरी के बीच मांड नदी के संगम क्षेत्र में पानी पीने या नहाने आया होगा। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने नदी में करीब 3 से 5 माह के हाथी शावक का शव देखा, जिसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे वन अमले ने ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला और जांच शुरू की। घटना के समय क्षेत्र में करीब 35 हाथियों का दल विचरण कर रहा था। वन विभाग ने पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। डीएफओ अरविंद पीएम ने बताया कि शुरुआती जांच में शावक की मौत डूबने से होने की आशंका है, लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। (Elephant Calf Death)

लगातार मौतों से उठ रहे सवाल

रायगढ़ जिले के दोनों वन मंडलों में पिछले 25 से 30 दिनों के भीतर चार हाथी शावकों की मौत हो चुकी है। इनमें तीन मौतें पानी या दलदल से जुड़ी घटनाओं में हुई हैं। इससे पहले 8 मई को छाल रेंज के घोघरा डैम में एक शावक की डूबने से मौत हुई थी। 11 मई को तरकेला के केराझरिया जंगल स्थित डैम में दलदल में फंसकर एक अन्य शावक की जान चली गई। 24 मई को आमागुड़ा-पुसल्दा क्षेत्र के एक तालाब में शावक का शव मिला था और अब 1 जून को मांड नदी में एक और शावक मृत मिला है। (Elephant Calf Death)

क्या हाथियों की मौत का हॉटस्पॉट बन रहा रायगढ़ ?

लगातार हो रही हाथी शावकों की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या वन विभाग हाथियों के मूवमेंट और उनके सुरक्षित आवागमन की निगरानी करने में विफल हो रहा है? क्या जलाशयों, डैमों और नदी-नालों के आसपास सुरक्षा उपायों की कमी है? आखिर क्यों एक महीने के भीतर चार हाथी शावकों की जान चली गई? वन विभाग जांच की बात कर रहा है, लेकिन लगातार सामने आ रही घटनाओं ने रायगढ़ को हाथी शावकों की मौत के हॉटस्पॉट के रूप में खड़ा कर दिया है। अब देखना होगा कि वन विभाग इन घटनाओं से सबक लेकर हाथियों की सुरक्षा के लिए कोई ठोस रणनीति बनाता है या फिर मौतों का यह सिलसिला यूं ही जारी रहता है।

Back to top button
error: Content is protected !!