दिल्ली-मुंबई पर निर्भरता खत्म, रायपुर में खुला मध्य भारत का पहला क्लीनिकल फॉरेंसिक लैब

Clinical Forensic Lab in Chhattisgarh : छत्तीसगढ़ के लिए एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में राजधानी रायपुर में मध्य भारत का पहला क्लीनिकल फॉरेंसिक लैब (Clinical Forensic Lab in Chhattisgarh) शुरू किया गया है। इसके साथ ही अब फॉरेंसिक जांच के लिए दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े शहरों पर निर्भरता समाप्त हो जाएगी। यह अत्याधुनिक लैब रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय में स्थापित की गई है।
लैब का शुभारंभ स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि यह देश का 12वां क्लीनिकल फॉरेंसिक लैब है, जिससे छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह संस्थान न केवल राज्य, बल्कि अन्य राज्यों के मामलों में भी जांच और विश्लेषण में सहायक सिद्ध होगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि इस लैब में जहर, नशा, ड्रग्स, अल्कोहल और मैट (Methamphetamine) से जुड़े मामलों की वैज्ञानिक जांच की जाएगी। यहां से जारी रिपोर्ट न्यायालय में साक्ष्य के रूप में मान्य होगी, जिससे वर्षों से लंबित मामलों के निराकरण में तेजी आएगी।
उन्होंने कहा कि रिपोर्ट पेंडेंसी के कारण कई मामलों की सुनवाई लंबे समय तक अटकी रहती थी, लेकिन अब न्यायिक प्रक्रिया को गति मिलेगी। इसी अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने चिकित्सा महाविद्यालय के नवनिर्मित मुख्य प्रवेश द्वार का भी उद्घाटन किया।
आपराधिक मामलों के निराकरण में मिलेगा सीधा लाभ
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि बदलते समय के साथ अपराधों की प्रकृति भी जटिल हो रही है। ऐसे में क्लीनिकल फॉरेंसिक लैब न्यायपालिका, पुलिस और जांच एजेंसियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। आने वाले समय में यह संस्थान देश के श्रेष्ठ फॉरेंसिक केंद्रों में शामिल होगा।
उन्होंने बताया कि यह राज्य का पहला ऐसा संस्थान है, जहां एफटीए पेपर के माध्यम से खून के नमूनों को डीएनए जांच के लिए सुरक्षित रखा जाएगा। मेडिको-लीगल मामलों से जुड़ी इन जांचों का सीधा लाभ पुलिस और न्यायालय को मिलेगा।
इन मादक पदार्थों की भी होगी जांच
लैब में शराब के अलावा एम्फ़ैटेमिन, बार्बिटुरेट्स, बेंजोडायजेपिन, कोकीन, मारिजुआना, मेथैम्फेटामाइन, ओपियोड (हेरोइन), फेनसाइक्लिडीन (पीसीपी), मॉर्फिन, मेथोडोन, एक्सटेसी और ट्राइसाइक्लिक एंटीडिप्रेसेंट जैसे मादक पदार्थों की जांच की सुविधा उपलब्ध होगी।
इस अवसर पर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरंदर मिश्रा, दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुनील सोनी, चिकित्सा महाविद्यालय के डीन डॉ. विवेक चौधरी, अंबेडकर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर, फॉरेंसिक मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. स्निग्धा जैन सहित विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक और फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे। (Clinical Forensic Lab in Chhattisgarh)



