सत्ता के नाम सट्टा खिलाने वालों के दौर में विकास अवकाश पर था: ठोकने

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार के दो वर्ष के उपलब्धिपूर्ण कार्यकाल से कांग्रेस सन्निपात की स्थिति में पहुंच गई है।
यह भी पढ़े :- दिल्ली-मुंबई पर निर्भरता खत्म, रायपुर में खुला मध्य भारत का पहला क्लीनिकल फॉरेंसिक लैब
ठोकने ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के जड़ से सफाए की दिशा में ठोस कार्रवाई, सर्वतोमुखी विकास तथा लोककल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन ने यह साबित कर दिया है कि ‘मोदी की गारंटी’ केवल घोषणा नहीं, बल्कि धरातल पर उतरी प्रतिबद्धता है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस खेमे में पसरा सन्नाटा इस बात का प्रमाण है कि विपक्ष भी मान चुका है कि विकास, जनकल्याण और योजनाओं के लिहाज से भाजपा सरकार का दो वर्ष का कार्यकाल ऐतिहासिक उपलब्धियों का दस्तावेज है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब सरकार के कार्यों को लेकर मिथ्या प्रलाप करने की स्थिति में भी नहीं रह गई है।
ठोकने ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस 36 खेमों में बंटी हुई है और नेतृत्व व मुद्दों के गंभीर संकट से जूझ रही है। स्थिति यह है कि कांग्रेस रूपी नाव को 36 पतवारों से अलग-अलग दिशा में चलाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि हालत इतनी खराब हो गई है कि कांग्रेस के नेता एसआईआर (मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण) जैसे महत्वपूर्ण विषय को भी गंभीरता से नहीं ले पा रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब तक अपने बीएलए-1 और बीएलए-2 भी पूरी तरह तैनात नहीं कर पाई है और मतदाता सूची शुद्धिकरण के इस अभियान में कहीं नजर नहीं आ रही है। ठोकने ने तंज कसते हुए कहा कि बाद में यही लोग ‘वोट चोरी’ का अरण्य-प्रलाप करते नजर आएंगे।
अंत में भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि सत्ता के नाम पर सट्टा खिलाने वालों के शासनकाल में विकास अवकाश पर था, जबकि भाजपा सरकार में छत्तीसगढ़ विकास और सुशासन के नए दौर में प्रवेश कर चुका है।



