पूर्व CM भूपेश बघेल की BJP और ED को खुली चेतावनी, कहा- अब छेड़ दिए हो तो छोड़ेंगे नहीं

Ex CM Baghel Warning: छत्तीसगढ़ के कथित 3400 करोड़ रुपए के शराब घोटाला मामले में ED ने कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को गिरफ्तार किया है, जिससे प्रदेश की सियासत गरमा गई है। गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस ने बुधवार को ED कार्यालय के पास धरना प्रदर्शन किया, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू समेत कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान बघेल ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार के साथ-साथ ED की कार्रवाई पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की पिछली सरकार ने सत्ता में रहते हुए राजनीतिक बदले की कार्रवाई नहीं की, लेकिन अगर कांग्रेस दोबारा सत्ता में आती है तो भ्रष्टाचार और कथित अनियमितताओं से जुड़े मामलों का हिसाब लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें:- POCSO कोर्ट का बड़ा फैसला: 3 साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी को आखिरी सांस तक जेल
पूर्व CM बघेल ने भाजपा नेताओं और ED अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अब छेड़ दिए हो तो छोड़ेंगे नहीं। उन्होंने कहा कि पिछली बार जब कांग्रेस की सरकार बनी थी, तब 15 साल तक सत्ता में रही रमन सरकार के खिलाफ बदले की भावना से कार्रवाई नहीं की गई और किसी को परेशान नहीं किया गया। बघेल ने कहा कि इस बार अगर कांग्रेस की सरकार बनती है तो सबका हिसाब होगा। बघेल ने कहा कि सबका चिट्ठा हमारे पास है। लोकसभा चुनाव में कौन मंत्री होटल से पैसा पहुंचाया है, कौन गर्लफ्रेंड के लिए 3 करोड़ का बिल्डिंग बनाया है, कौन कहां वसूली कर रहा है सबका हिसाब हमारे पास है। ED के अधिकारी भी सुन लें, 2 साल बचा है जितना करना है कर लो, ED के अधिकारियों ने भी यहां से खूब माल बटोरा है, उनकी भी जांच कराएंगे, छोड़ेंगे नहीं। (Ex CM Baghel Warning)

बघेल ने ED की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए जांच एजेंसी के अधिकारियों को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि ED अधिकारियों के कामकाज और उनकी भूमिका का भी हिसाब रखा जा रहा है। बघेल आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में कार्रवाई के दौरान ED के कुछ अधिकारियों ने भी कथित तौर पर काफी संपत्ति अर्जित की है और कांग्रेस की सरकार बनने पर उनकी भी जांच कराई जाएगी। उन्होंने केंद्र सरकार पर राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ केंद्रीय जांच एजेंसियों के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए तंज कसा कि जब-जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डरते हैं, ED को आगे किया जाता है। बता दें कि कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी को पार्टी राजनीतिक कार्रवाई बता रही है। कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र सरकार केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं पर दबाव बनाने के लिए कर रही है।

रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी शराब घोटाला मामले में ED की जांच से जुड़ी है। कांग्रेस ने इसी गिरफ्तारी के विरोध में ED कार्यालय के पास धरना दिया। नेताओं ने कहा कि जांच एजेंसियों को निष्पक्ष तरीके से काम करना चाहिए और राजनीतिक दबाव में कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। वहीं जांच एजेंसी की कार्रवाई को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। बघेल ने कहा कि कांग्रेस ने किसी को परेशान नहीं किया, लेकिन अब जिस तरह से कांग्रेस नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है, सत्ता में लौटने के बाद हर मामले की जांच कराई जाएगी। बघेल ने यह भी कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भ्रष्टाचार के मामलों में भाजपा नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो भी भाजपा नेता भ्रष्टाचार में शामिल हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। (Ex CM Baghel Warning)
BJP ने किया बघेल पर पलटवार
भूपेश बघेल के बयान के बाद भाजपा ने भी पलटवार किया है। साथ ही कहा कि विपक्ष में रहते हुए कांग्रेस नेताओं का काम धमकी देना रह गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ऐसी धमकियों से डरने वाली नहीं है। भूपेश बघेल अपने इसी रवैये और भ्रष्टाचार के कारण सत्ता से बाहर हुए। जनता ने कांग्रेस को सत्ता से हटाया है और भाजपा सरकार कानून के मुताबिक काम कर रही है। रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी ने एक बार फिर छत्तीसगढ़ में शराब घोटाले के मुद्दे को राजनीतिक बहस के केंद्र में ला दिया है। एक ओर ED की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस इसे राजनीतिक प्रतिशोध बता रही है, वहीं भाजपा इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ जांच और कार्रवाई के तौर पर पेश कर रही है। धरने के दौरान भूपेश बघेल के तीखे बयान के बाद मामला सिर्फ रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कांग्रेस और भाजपा के बीच भविष्य की राजनीति और कथित भ्रष्टाचार के मामलों की जांच तक पहुंच गया। मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ छत्तीसगढ़ की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का यह सिलसिला और तेज होने के आसार हैं।



