POCSO कोर्ट का बड़ा फैसला: 3 साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी को आखिरी सांस तक जेल
गरियाबंद : गरियाबंद जिले के छुरा थाना क्षेत्र में तीन वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में POCSO विशेष न्यायालय ने ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। अदालत ने आरोपी वेदप्रकाश ध्रुव उर्फ पप्पू को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास (शेष प्राकृत जीवनकाल के लिए) की सजा सुनाई है। इसके साथ ही आरोपी पर 25 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है।
यह था पूरा मामला
प्रकरण जून 2025 का है, जब आरोपी वेदप्रकाश ध्रुव ने तीन साल की मासूम को अपनी हवस का शिकार बनाया था। घटना की शिकायत के बाद छुरा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया और सूक्ष्म जांच के बाद अदालत में चालान पेश किया।
11 गवाहों और साक्ष्यों के आधार पर सजा
मामले की सुनवाई के दौरान POCSO विशेष न्यायालय के समक्ष अभियोजन पक्ष ने 11 महत्वपूर्ण गवाहों के बयान दर्ज कराए। अदालत ने उपलब्ध वैज्ञानिक व चिकित्सीय साक्ष्यों तथा गवाहों के बयानों को अत्यंत गंभीर मानते हुए आरोपी को भारतीय न्याय संहिता (BNS) और POCSO एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत दोषी पाया।
न्यायालय के इस सख्त रुख और त्वरित फैसले की सराहना की जा रही है। न्यायविदों के अनुसार, मासूम को न्याय दिलाने और समाज में बाल अपराधों के प्रति कड़ा संदेश देने की दिशा में यह फैसला बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून: अगले 3 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट, बिजली गिरने की चेतावनी



