दुर्ग में फेक मैरिज पार्टी को लेकर बवाल, विरोध के बाद पुलिस ने संभाला मोर्चा, क्लब मैनेजर गिरफ्तार

Fake Marriage Party Controversy: दुर्ग जिले में एक ‘फेक मैरिज पार्टी’ को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र स्थित कोसी एयरो क्लब रिसोर्ट में 30 मई को आयोजित होने वाली इस थीम पार्टी का ग्रामीणों और हिंदू संगठनों ने जमकर विरोध किया। विरोध बढ़ने और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका के बाद पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा। बाद में रिसोर्ट प्रबंधन ने मौसम और तेज गर्मी का हवाला देते हुए कार्यक्रम को स्थगित करने की घोषणा कर दी। जानकारी के मुताबिक धमधा रोड स्थित कोसी एयरो क्लब रिसोर्ट में फेक मैरिज पार्टी आयोजित की जानी थी। इस पार्टी के लिए सोशल मीडिया पर प्रचार किया गया था।
यह भी पढे़ं:- प्री-मानसून बारिश की दस्तक, 29 मई से 5 जून तक देश के 90% हिस्से में बारिश के आसार, केरल में अटका मानसून
आयोजन में कपल एंट्री रखी गई थी, जिसके लिए 499 रुपए फीस तय की गई थी। विज्ञापन में यह भी कहा गया था कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले युवक-युवतियों को दूल्हा-दुल्हन की तरह तैयार होकर आना होगा। पार्टी में डीजे नाइट और शादी जैसा नकली सेटअप तैयार करने की भी योजना थी, ताकि युवाओं को रियल वेडिंग एक्सपीरियंस दिया जा सके। कार्यक्रम की जानकारी जैसे ही आसपास के ग्रामीणों और हिंदू संगठनों को मिली, उन्होंने इसका विरोध शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि हिंदू विवाह केवल मनोरंजन का विषय नहीं है, बल्कि एक पवित्र संस्कार है। इसे थीम पार्टी या मजाक के रूप में पेश करना धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला कदम है। इसी बात को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण रिसोर्ट पहुंच गए और हंगामा शुरू हो गया। (Fake Marriage Party Controversy)

मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब हिंदू युवा मंच के कार्यकर्ताओं ने भी विरोध दर्ज कराया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जेवरा सिरसा चौकी का घेराव कर आयोजनकर्ताओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की। विरोध कर रहे लोगों का कहना था कि इस तरह के आयोजनों से समाज में गलत संदेश जाता है और भारतीय संस्कृति का मजाक उड़ाया जा रहा है। विरोध की सूचना मिलते ही जेवरा सिरसा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। उस समय ग्रामीणों और रिसोर्ट प्रबंधन के बीच तीखी बहस चल रही थी और माहौल तनावपूर्ण होता जा रहा था। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। हालांकि एहतियात के तौर पर पुलिस ने रिसोर्ट प्रबंधन के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की। (Fake Marriage Party Controversy)

पुलिस ने कोसी रिसोर्ट के मैनेजर ब्रह्म दत्त पांडे के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर ने कहा कि अगर किसी आयोजन से सामाजिक या धार्मिक विवाद की स्थिति बनने की आशंका होती है, तो प्रशासन कानून के तहत आवश्यक कार्रवाई करेगा। वहीं हिंदू युवा मंच के कार्यकर्ता सौरभ जयसवाल ने कहा कि हिंदू विवाह संस्कार का मजाक किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विवाद बढ़ने के बाद अब रिसोर्ट प्रबंधन की ओर से एक नया पोस्टर भी वायरल किया गया है, जिसमें फेक मैरिज पार्टी को फिलहाल पोस्टपोन किए जाने की जानकारी दी गई है। प्रबंधन ने इसके पीछे मौसम और तेज गर्मी को वजह बताया है। हालांकि स्थानीय लोगों का मानना है कि बढ़ते विरोध और प्रशासनिक दबाव के चलते आयोजन को स्थगित करना पड़ा। फिलहाल पूरे मामले को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।




