शादी के नाम पर करोड़ों की ठगी !, जीवन जोड़ी समेत फर्जी मैट्रिमोनियल साइटों पर साइबर गिरोह एक्टिव
Fake Matrimonial Sites: अगर आप शादी के लिए ऑनलाइन वर या वधू की तलाश कर रहे हैं तो सावधान हो जाइए। साइबर ठगों ने अब शादी के सपनों को भी ठगी के जाल में बदल दिया है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साइबर शील्ड अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए देशभर में करोड़ों की ठगी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रायपुर रेंज साइबर पुलिस ने ‘जीवन जोड़ी’, ‘रॉयल रिश्ते’ और ‘ई-रिश्ते’ नाम के वेबसाइटों के जरिए ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। ये वेबसाइटें वर-वधू की फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को झांसे में लेती थी। आरोपी फर्जी तस्वीरें और प्रोफाइल दिखाकर लोगों से रजिस्ट्रेशन फीस या मैचिंग चार्ज के नाम पर लाखों रुपए ऐंठ लेते थे।
यह भी पढ़ें:- बिलासपुर में फर्जी अपहरण का खेल, नशे और कर्ज के कारण युवक ने खुद रची पूरी कहानी, ऐसे खुला राज…?
पुलिस ने गोल चौक डगनिया और कटोरा तालाब इलाके में स्थित दो फर्जी दफ्तरों पर छापा मारा, जहां से 50 मोबाइल फोन, 10 डेस्कटॉप कंप्यूटर, सैकड़ों सिम कार्ड और 60 बैंक खाते की किटें बरामद की गई हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि यह नेटवर्क देश के कई राज्यों में फैला हुआ था। IG अमरेश मिश्रा के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने कई अहम डिजिटल सबूत बरामद किए हैं। जांच से पता चला है कि गिरोह के सदस्य म्यूल अकाउंट यानी फर्जी बैंक खाते के जरिए ठगी का पैसा चीन तक ट्रांसफर कर रहे थे। (Fake Matrimonial Sites)
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
- गजसिंह सुना सूरदा, सिंधईकेला, बलांगीर (ओडिशा)
- भिखु सचदेव भाटिया, कल्याणपुर, द्वारका (गुजरात)
- साहिल कौशिक, काठाकोनी, तखतपुर (बिलासपुर)
- हर्षित शर्मा, अरविंद नगर, कटोरा तालाब (रायपुर)
पुलिस के मुताबिक साइबर अपराधियों का नेटवर्क चीनी नागरिकों के संपर्क में था। ये चीनी ठग APK फाइल्स के जरिए भारतीय म्यूल खातों को रिमोटली कंट्रोल करते थे। अब तक 500 से ज्यादा बैंक खातों में करोड़ों रुपए के ट्रांजैक्शन की जानकारी सामने आई है। इधर, बलरामपुर जिले में भी पुलिस ने म्यूल अकाउंट से जुड़ा बड़ा खुलासा किया है, जहां चार अलग-अलग बैंक खातों में करीब 18 लाख 90 हजार रुपए के ऑनलाइन ट्रांजैक्शन का पता चला है। पुलिस ने बताया कि राजपुर के रहने वाले विशाल पैकरा अपने बैंक खातों में ठगी का पैसा लेकर उसमें से कमीशन काटकर मुख्य आरोपी को भेजता था। (Fake Matrimonial Sites)

विशाल पैकरा को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब कोरिया जिले से आरोपी आशीष वर्मा को भी गिरफ्तार किया गया है, जो कई राज्यों से ठगी का पैसा ट्रांसफर करता था। रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शादी या रिश्तों के लिए किसी भी वेबसाइट पर व्यक्तिगत जानकारी या पैसा साझा करने से पहले उसकी विश्वसनीयता की पुष्टि जरूर करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध वेबसाइट या कॉल की जानकारी तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने में दें। (Fake Matrimonial Sites)



