बिलासपुर में फर्जी अपहरण का खेल, नशे और कर्ज के कारण युवक ने खुद रची पूरी कहानी, ऐसे खुला राज…?

Bilaspur Fake Kidnapping: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में एक युवक ने खुद को अगवा बताकर पिता से 10 लाख रुपए की फिरौती की मांग की, लेकिन जब पुलिस ने गहराई से जांच की तो पूरी कहानी झूठी निकली। युवक ने पैसों की तंगी के कारण खुद को अगवा बताकर एक बड़ा नाटक रचा था, जिसमें उसने पिता से पैसे अपने ही बैंक खाते में जमा करने को भी कहा। 29 साल का संजय यादव जशपुर जिले के देरहाखार का रहने वाला है, जो पिछले करीब दस सालों से बिलासपुर के कस्तूरबा नगर में किराए के मकान में रहता है। वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और प्राइवेट बैंक में काम करता था। संजय अपनी गर्लफ्रेंड के साथ लिव-इन में रह रहा था।
1 अक्टूबर को संजय ने पिता को फोन कर कहा था कि वह घर आ रहा है, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा। अगले दिन उसका मोबाइल बंद मिलने से परिवार वाले परेशान हो गए। 5 अक्टूबर को संजय ने पिता को कॉल कर कहा कि 8-10 लड़कों ने उसे अगवा कर लिया है और 10 लाख रुपए की फिरौती मांग रहे हैं। उसने पैसे अपने ही बैंक खाते में जमा करने को कहा। इस बीच संजय ने अगवा करने वालों की ओर से फोन कर बताया कि उसे खाना नहीं मिल रहा है, इसलिए पिता से 100 रुपए भेजने की भी गुहार लगाई। इस बात ने पुलिस को और ज्यादा शक में डाल दिया और जांच तेज कर दी गई। (Bilaspur Fake Kidnapping)
नशे का आदी था संजय
पुलिस की तकनीकी जांच में पता चला कि संजय नशे का आदी था और भारी कर्ज में डूबा हुआ था। उसने पैसे की मजबूरी में ही खुद की अगवा होने की झूठी कहानी बनाई थी। वह लगातार अपनी लोकेशन बदलता रहा, ताकि पकड़ा न जाए। पुलिस ने संजय के दोस्तों और लिव-इन पार्टनर से पूछताछ की, जिनके मुताबिक उसके पास खाने तक के पैसे नहीं थे। पैसे की तंगी से परेशान होकर वह मध्यप्रदेश भाग गया, लेकिन जब वहां भी उसके पास खाने के लिए पैसा नहीं बचा तो वापस लौटने लगा। पेंड्रा रेलवे स्टेशन पहुंचते ही पुलिस ने संजय को पकड़ लिया और बिलासपुर वापस लाया गया। (Bilaspur Fake Kidnapping)
पूछताछ में कबूली बात
पूछताछ में उसने पूरी साजिश कबूल कर ली। अब पुलिस उस पर झूठा मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है। CSP निमितेश सिंह ने कहा कि इस मामले में हमने पूरी जांच की, मोबाइल कॉल और तकनीकी जांच से सच्चाई सामने आई। युवक ने नशे और कर्ज की समस्या के चलते यह झूठा ड्रामा रचा। पुलिस सतर्कता से काम कर इस मामले को सुलझा ली है। पुलिस ने युवाओं को चेताया है कि कर्ज या दबाव में गलत रास्ता न अपनाएं, क्योंकि इससे परिवार और समाज दोनों को नुकसान होता है। (Bilaspur Fake Kidnapping)



