रायपुर में नकली पनीर का काला कारोबार बेनकाब, 1200 किलो पनीर जब्त, सेहत से खिलवाड़

Fake Paneer in Raipur: क्या आपकी थाली में परोसा गया पनीर असली है ? या फिर आप स्वाद के नाम पर धीमा जहर खा रहे हैं ? दरअसल, राजधानी रायपुर में इन दिनों सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाली एक बड़ी साजिश का पर्दाफाश हुआ है। खाद्य विभाग की विशेष स्टेट लेवल टीम ने शहर के भाठागांव के केसरी बगीचा में दबिश देकर नकली पनीर के काले कारोबार का भंडाफोड़ किया है। खाद्य विभाग को पिछले कई दिनों से राजधानी में नकली डेयरी उत्पादों की सप्लाई की सूचना मिल रही थी, जिसके आधार पर टीम ने भाठागांव स्थित एल पी डेयरी पर अचानक धावा बोल दिया।
यह भी पढ़ें:- रिश्ते का खून: भांजे ने ही करवाया मामा के बेटे का अपहरण, 1 करोड़ की डिमांड
टीम जब अंदर पहुंची तो नजारा चौंकाने वाला था। वहां दूध की जगह मिल्क पाउडर और संदिग्ध रसायनों के मिश्रण से पनीर तैयार किया जा रहा था। मौके से करीब 1200 किलो पनीर जब्त किया गया, जिसमें 14 सिल्ली शामिल थी। एक सिल्ली में लगभग 40 किलो पनीर पाया गया। साथ ही मौके से पाम ऑइल, स्टीम्ड दूध पावडर, तेल, एसेटिक एसिड जैसी चीजें मिली, जिससे यह पनीर बनाया जाता था। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि वहां किसी भी प्रकार की लेबलिंग या ब्रांड पहचान मौजूद नहीं थी, जिससे साफ है कि यह पनीर बिना पहचान के बाजार में खपाया जा रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि यह नकली पनीर लंबे समय से बाजार में सप्लाई किया जा रहा था।

खाद्य विभाग ने सैंपल लेकर लैब जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। रिपोर्ट आने के बाद इस नेटवर्क से जुड़े और बड़े नामों का खुलासा हो सकता है। डेयरी संचालक का नाम आदर्श पराशर है। बता दें कि 21 जनवरी 2026 को विभाग ने इसी फैक्ट्री से 1700 किलो नकली पनीर जब्त कर नष्ट कराया था। इसके बावजूद हैरानी की बात यह है कि महज तीन महीने बाद ही उसी फैक्ट्री में फिर से बड़े पैमाने पर नकली पनीर बनाए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस फैक्ट्री पर पहले ही कार्रवाई हो चुकी थी, वहां दोबारा इतनी बड़ी मात्रा में नकली पनीर कैसे तैयार होता रहा ? क्या विभागीय अधिकारियों को इसकी भनक नहीं लगी या फिर निगरानी में कहीं न कहीं बड़ी चूक हुई है ? (Fake Paneer in Raipur)
नकली पनीर खाने के नुकसान
- किडनी को नुकसान
- एलर्जी की समस्या
- शरीर की इम्यूनिटी कमजोर होना
- बच्चों की ग्रोथ पर असर
- पेट दर्द और पाचन संबंधी समस्याएं
महिलाओं में हार्मोनल इंबैलेंस
संभावित गंभीर बीमारियां
- स्टमक कैंसर
- पैंक्रियाज कैंसर
- बड़ी आंत का कैंसर
- लिवर सिरोसिस
ऐसे पहचानें नकली पनीर
- गर्म पानी टेस्ट- असली पनीर नरम रहता है। जबकि नकली पनीर टूटने लगता है।
- जलाने का टेस्ट- असली पनीर जल्दी नहीं जलता। जबकि नकली पनीर जलने पर पिघलने लगता है।
- आयोडीन टेस्ट- असली पनीर के रंग में बदलाव नहीं होता। नकली पनीर का रंग नीला या काला हो जाता है।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मामला मुख्यमंत्री के संज्ञान में है और इस पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि नकली पनीर, खोवा और मिठाइयों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और हाल के सालों में सबसे ज्यादा कार्रवाई की गई है। इस खुलासे के बाद रायपुर में हड़कंप मच गया है। आशंका जताई जा रही है कि यह नेटवर्क केवल एक डेयरी तक सीमित नहीं हो सकता। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि यह नकली पनीर शहर के किन-किन इलाकों में पहुंच चुका है ? ऐसे में उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि पनीर खरीदते समय सतर्क रहें और बिना ब्रांड या बिना पैकेजिंग वाले उत्पादों से बचें, क्योंकि आपकी थाली में दिखने वाला सफेद पनीर…कहीं केमिकल का जाल तो नहीं ? (Fake Paneer in Raipur)



