Google Analytics —— Meta Pixel

कोरबा में बेटी ने पिता की हंसिए से गला काटकर की हत्या, 27 साल की यूट्यूबर ने ली जान

Father Murder in Korba: कोरबा जिले के हरदी बाजार थाना क्षेत्र में हत्या की वारदात सामने आई है, जहां रलिया गांव स्थित लिममुंडा बस्ती में 27 साल की युवती ने अपने पिता की हंसिए से गला काटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान अशोक कुमार केवट (55) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी बेटी गीता केवट को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। जानकारी के मुताबिक अशोक कुमार केवट की पत्नी और तीनों बेटियां पिछले करीब आठ सालों से उनसे अलग रह रही थी। वे कोरबा के आदिले चौक क्षेत्र में रहती थी।

यह भी पढ़ें:- सहयोग केन्द्र में 225 विषयों से जुड़े 142 आवेदन प्राप्त, कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश

परिवार के करीबियों के मुताबिक अशोक अपनी पत्नी और बेटियों के चरित्र पर संदेह करता था, जिससे पारिवारिक विवाद बढ़ता गया और पत्नी-बेटियों ने अलग रहने का फैसला लिया। दो बेटियां निजी कंपनी में कार्यरत हैं, जबकि एक बेटी पढ़ाई कर रही है।बताया जा रहा है कि 9 फरवरी को अशोक की पत्नी और तीनों बेटियां जमीन के मुआवजे की राशि लेने गांव आई थी और वहीं रुकी हुई थी। सोमवार देर रात करीब 2 बजे अशोक और उसकी बड़ी बेटी गीता के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। (Father Murder in Korba)

हत्या के बाद खुद बताई वारदात

आरोप है कि विवाद के दौरान पिता ने बेटी को अपशब्द कहे, जिससे गुस्से में आकर गीता ने घर में रखे हंसिए से पिता के जबड़े और गले पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से अशोक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गीता घर से बाहर निकली और रिश्तेदारों को बताया कि उसने अपने पिता की हत्या कर दी है। मृतक के भाई संतोष कुमार ने बताया कि जब वे घर के अंदर पहुंचे तो अशोक खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़े थे। आरोपी की छोटी बहन के मुताबिक पिता अक्सर पैसों और अन्य बातों को लेकर झगड़ा करते थे। घटना की रात भी विवाद हुआ और अपशब्द कहे जाने के बाद हाथापाई की स्थिति बनी, जिसके बाद यह घटना घटित हुई। (Father Murder in Korba)

सोशल मीडिया पर सक्रिय थी आरोपी

कोरबा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिता अपनी बेटियों के चरित्र पर संदेह करता था। विवाद के बाद आरोपी ने हंसिए से हमला किया। हरदी बाजार थाना प्रभारी प्रमोद डनसेना ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटी को गिरफ्तार कर लिया गया। गीता केवट सोशल मीडिया और यूट्यूब पर सक्रिय थी और ट्रैवल समेत अन्य विषयों पर वीडियो बनाती थी। कुछ समय पहले उसने एक शिक्षाकर्मी के साथ वीडियो साझा किया था, जिसके बाद संबंधित युवक ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं इस मामले का घटना से कोई संबंध तो नहीं है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Back to top button
error: Content is protected !!