Google Analytics —— Meta Pixel

घर में थी पूजा, शराब पीकर पहुंचा बेटा, टोकने पर कुल्हाड़ी से पिता की हत्या, नशे में अंधा हुआ कलयुगी बेटा

Father Murder in Raigarh: जिस बेटे को पिता ने कभी उंगली पकड़कर चलना सिखाया होगा, उसी बेटे के हाथों उनकी मौत हो गई। वजह थी शराब पीने की आदत और उसे लेकर पिता की समझाइश। घर की आर्थिक तंगी के बीच रोज शराब पीकर आने वाले बेटे को जब पिता ने टोका तो वह इस कदर गुस्से में आ गया कि उसने रिश्तों की सारी मर्यादाएं तोड़ दी। पहले घर में पिता के साथ मारपीट की और फिर जब माता-पिता उसकी शिकायत करने सरपंच के पास जाने लगे तो रास्ते में ही कुल्हाड़ी लेकर पहुंच गया। उसने पिता के सिर और पीठ पर एक के बाद एक कई वार कर दिए। हमले में 65 साल के धरम उर्फ श्रवण गिरी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

यह भी पढ़ें:- आधी रात बेटे को फोन कर बुलाया, फिर परिवार के साथ खाई मिठाई, रायपुर के पांच मौतों के मामले में SIT जांच में सामने आई पूरी कहानी

मामला रायगढ़ जिले के खरसिया क्षेत्र का है, जहां रानीसागर गांव में आरोपी राजकुमार गिरी ने अपने ही पिता की जान ले ली। पुलिस के मुताबिक घटना 24 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे की है। राजकुमार शराब के नशे में घर पहुंचा था। बेटे की रोज-रोज शराब पीने की आदत से परेशान पिता धरम उर्फ श्रवण गिरी ने उसे समझाने की कोशिश की। पिता ने उसे टोका और कहा कि आज पूजा-पाठ का दिन है। घर की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं है। घर चलाने के लिए पैसे नहीं हैं, इसके बावजूद वह रोज शराब पीकर घर लौटता है। पिता की यह बात बेटे को नागवार गुजरी। समझाइश सुनने के बजाय वह गुस्से में आ गया और पिता के साथ मारपीट करने लगा। घर के भीतर शुरू हुआ यह विवाद कुछ ही देर में एक ऐसी वारदात में बदल गया, जिसने पूरे परिवार को उजाड़ दिया। (Father Murder in Raigarh)

बेटे की शिकायत करने निकले थे माता-पिता

घर में मारपीट के बाद माता-पिता ने बेटे की हरकत की शिकायत करने और मामले का समझौता कराने के लिए सरपंच के पास जाने का फैसला किया। रात करीब 9 बजे धरम गिरी अपनी पत्नी के साथ सरपंच के घर के लिए निकले, लेकिन उन्हें शायद अंदाजा भी नहीं था कि जिस बेटे की शिकायत लेकर वे जा रहे हैं, वही रास्ते में उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा दर्द बनकर सामने आएगा। पुलिस के अनुसार राजकुमार कुल्हाड़ी लेकर पीछे से पहुंचा और सरपंच के घर के गेट के पास ही माता-पिता को रोक लिया। शिकायत करने जाने की बात पर वह फिर भड़क गया। गुस्से में उसने पिता के सिर पर कुल्हाड़ी से जोरदार वार कर दिया। वार इतना गंभीर था कि धरम गिरी जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद भी आरोपी नहीं रुका। उसने पिता के सिर और पीठ पर कुल्हाड़ी से कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण धरम गिरी की मौत हो गई। कुछ देर पहले तक बेटे को समझाने की कोशिश कर रहे पिता की जिंदगी उसी बेटे के हमले में खत्म हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और वारदात से जुड़े जरूरी साक्ष्य जुटाए गए।

शराब की लत ने छीन ली एक पिता की जिंदगी

मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी बेटे राजकुमार गिरी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस ने घटनाक्रम और प्रत्यक्ष परिस्थितियों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि पिता और बेटे के बीच पहले मारपीट हुई थी। इसके बाद माता-पिता सरपंच के घर समझौता कराने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान वहां दोबारा विवाद हुआ और बेटे ने पिता पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी राजकुमार गिरी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

इस घटना में सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि विवाद की शुरुआत किसी बड़ी संपत्ति या जमीन-जायदाद को लेकर नहीं, बल्कि शराब पीने की आदत को लेकर हुई थी। पिता अपने बेटे को घर की आर्थिक स्थिति समझा रहे थे, उसे गलत रास्ते से लौटने की सलाह दे रहे थे। लेकिन यही समझाइश उनके लिए जानलेवा साबित हुई, जिस पिता से बेटे को सहारा और सुरक्षा मिलनी चाहिए थी, उसी पिता को अपनी जान गंवानी पड़ी। घर की परेशानियों को समझाने की कोशिश आखिरकार एक ऐसी हिंसक वारदात में बदल गई, जिसने एक परिवार से उसका बुजुर्ग मुखिया छीन लिया। अब गांव में इस घटना की चर्चा है और परिवार के सामने पिता की मौत का गहरा सदमा है।

Back to top button
error: Content is protected !!