Google Analytics —— Meta Pixel

बाप बना जल्लाद: 50 तक गिनती नहीं लिख पाई 4 साल की मासूम, पिता ने पीट-पीटकर ले ली जान

फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। महज़ होमवर्क पूरा न कर पाने की मामूली बात पर एक सनकी पिता इस कदर बर्बर हो गया कि उसने अपनी ही चार साल की मासूम बेटी को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

यह भी पढ़े :- Rozgar Mela 2026: पीएम मोदी ने एक क्लिक में बांटे 61 हजार नियुक्ति पत्र, सरकारी भर्ती को मिली रफ्तार

होमस्कूलिंग बना मौत का कारण

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान कृष्णा जायसवाल (31) के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले का रहने वाला है और फरीदाबाद में किराए के मकान में परिवार के साथ रहता था। घटना 21 जनवरी की है। जायसवाल ने अपनी बेटी से एक से 50 तक गिनती लिखने को कहा था। बच्ची जब यह नहीं कर पाई, तो वह आपा खो बैठा और बेरहमी से उसकी पिटाई कर दी।

मारपीट के दौरान बच्ची को गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मां के लौटने पर हुआ खुलासा

पुलिस ने बताया कि आरोपी और उसकी पत्नी दोनों निजी कंपनियों में काम करते थे। दिन में मां के काम पर जाने के बाद बच्ची घर पर पिता के साथ रहती थी। शाम को जब मां घर लौटी तो उसने अपनी बेटी को मृत अवस्था में पाया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही सेक्टर-58 थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

आरोपी गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर

फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

समाज के लिए गंभीर चेतावनी

यह दर्दनाक घटना बच्चों पर पढ़ाई के बढ़ते दबाव और अभिभावकों के हिंसक व्यवहार पर बड़ा सवाल खड़ा करती है। एक मासूम, जिसे अभी जीवन की शुरुआत भी ठीक से समझ नहीं आई थी, उसे सिर्फ इसलिए जान गंवानी पड़ी क्योंकि वह 50 तक गिनती नहीं लिख पाई।

Back to top button
error: Content is protected !!