दिवाली की रात रायपुर में 7 जगहों पर लगी आग, डूमरतराई की 3 दुकानों समेत कई दुकानें जलकर खाक

Fire Incident in Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में दीपावली की रात आतिशबाजी के बीच आग लगने की कई घटनाएं सामने आईं। शहर के अलग-अलग इलाकों में करीब 7 जगहों पर आग लगने से हड़कंप मच गया। दुकानों, मकानों और कबाड़ में आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं। कई जगहों पर पटाखों से निकली चिंगारी आगजनी की वजह बनी। सबसे बड़ी घटना डूमरतराई और माना मंडी क्षेत्र में सामने आई, जहां तीन-तीन दुकानों में भीषण आग लग गई। दुकानों में करोड़ों रुपए के नुकसान की आशंका है। जानकारी के मुताबिक दीपावली की रात शहर के डूमरतराई, शदाणी दरबार, लाखे नगर, टाटीबंध, खम्हारडीह, कटोरा तालाब और माना मंडी समेत अलग-अलग इलाकों में आग लगने की घटनाएं हुईं। कहीं दुकानों में आग लगी तो कहीं मकान और कबाड़ इसकी चपेट में आ गए।
यह भी पढ़ें:- कैंसर की दवाओं की कीमत कैसे तय करती है सरकार, शिड्यूल्ड और नॉन-शिड्यूल्ड दवाओं में क्या है अंतर, जानिए मरीजों के अधिकार
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें अलग-अलग जगहों पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कई जगहों पर दुकानों का सामान और सजावट जलकर खाक हो गई। डूमरतराई इलाके में तीन दुकानों में भीषण आग लगने की घटना सामने आई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानों में रखा सामान इसकी चपेट में आ गया। घटना में बड़े आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है। माना थाना क्षेत्र स्थित मंडी में भी देर रात तीन स्टेशनरी दुकानों में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में दीपक ट्रेडर्स, व्यंकटेश इंटरप्राइजेज और जयराम स्टेशनरी की दुकानें आ गईं। ये तीनों दुकानें मंडी परिसर में B-164, B-165 और B-166 नंबर पर स्थित हैं। जानकारी के मुताबिक आग से तीनों दुकानों में रखा सामान बड़े पैमाने पर जल गया। इन दुकानों में करोड़ों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। (Fire Incident in Raipur)
पटाखों की चिंगारी से दुकानों का डेकोरेशन जला
कटोरा तालाब स्थित संत कंवरराम चौक के पास भी पटाखों की चिंगारी से आग लग गई। बताया जा रहा है कि सड़क पर फोड़े जा रहे पटाखों की चिंगारी दुकानों के बाहर लगे डेकोरेशन पर जा गिरी। इसके बाद सजावट में आग भड़क उठी। आग की चपेट में दो से तीन दुकानों के बाहर लगा डेकोरेशन आ गया और पूरी सजावट जलकर खाक हो गई। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे दुकानों के भीतर बड़ा नुकसान होने से बच गया। राजधानी के शदाणी दरबार और लाखे नगर क्षेत्र में दुकानों में आग लगने की सूचना मिली। वहीं टाटीबंध और खम्हारडीह इलाके में मकानों में आग लगने की घटनाएं सामने आईं। इसके अलावा कबाड़ में भी आग लगने की जानकारी मिली है। दीपावली की रात एक के बाद एक आग लगने की घटनाओं से दमकल विभाग की टीमों को अलग-अलग इलाकों में पहुंचकर मोर्चा संभालना पड़ा। राहत की बात यह रही कि दमकलकर्मियों ने कई जगहों पर समय रहते आग पर काबू पा लिया। हालांकि कुछ जगहों पर दुकानें और उनमें रखा सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
पिछले महीने पंडरी कपड़ा मार्केट में भी लगी थी आग
बता दें कि पिछले महीने 25 अक्टूबर को रायपुर के पंडरी स्थित सिटी सेंटर मॉल के पास महालक्ष्मी मार्केट की एक होम डेकोरेशन दुकान में भी आग लग गई थी। आग बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर स्थित दुकान में लगी थी। शुरुआती जानकारी में दुकान के AC का कंप्रेसर फटने से आग लगने की आशंका जताई गई थी। इस घटना में दुकान में रखा फर्नीचर और सजावटी सामान जल गया था। सूचना मिलने पर दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची थीं। घटना में लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई गई थी। दीपावली के दौरान राजधानी में एक साथ कई जगहों पर आग लगने की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था और आतिशबाजी के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दीपावली पर आतिशबाजी के दौरान बरती गई जरा-सी लापरवाही कई कारोबारियों के लिए भारी नुकसान की वजह बन गई। जिन दुकानों को त्योहार के लिए सजाया गया था, उनमें से कई आग की भेंट चढ़ गईं। अब प्रभावित दुकानदारों के सामने हुए नुकसान की भरपाई और दोबारा कारोबार शुरू करने की चुनौती है। वहीं इन घटनाओं ने त्योहारों के दौरान अग्नि सुरक्षा के इंतजामों को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है। (Fire Incident in Raipur)



