Google Analytics —— Meta Pixel

जांजगीर-चांपा में कांग्रेस नेता के घर फायरिंग, एक बेटे की मौत, छोटा बेटा घायल

Firing in Congress Leader House: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र में फायरिंग की घटना सामने आई है, जिसने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दरअसल, करही गांव में कांग्रेस नेता और सीमेंट-रेत व्यवसायी सम्मेलाल कश्यप के घर 23 अप्रैल की आधी रात फायरिंग हुई, जिसमें उनके 19 साल के बेटे आयुष कश्यप की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि छोटे बेटे आशुतोष कश्यप गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जिला अस्पताल में जारी है।

यह भी पढ़ें:- रायपुर में ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई, ‘3 स्टम्प्स’ एप के मास्टरमाइंड बाबू खेमानी के घर दबिश, विदेशी कनेक्शन की जांच

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे तीन नकाबपोश बदमाश घर में घुसे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। वारदात के दौरान घर के अन्य सदस्यों को कमरे में बंद कर दिया गया, ताकि कोई बाहर न निकल सके। हमले में आयुष को सिर और सीने में गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 16 साल के आशुतोष के हाथ में गोली लगी है। बताया जा रहा है कि बदमाश लूट की नीयत से घर में घुसे थे और घटना के बाद करीब 50-60 रुपए नकद, एक आईफोन और कुछ मोबाइल लेकर फरार हो गए। (Firing in Congress Leader House)

मृतक के पिता सम्मेलाल कश्यप और परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताया है। उनका कहना है कि रेत घाट को लेकर गांव में पहले से विवाद चल रहा था और उसी रंजिश में इस घटना को अंजाम दिया गया।परिजनों के मुताबिक कुछ दिन पहले भी तीन युवक आयुष के बारे में पूछताछ करने आए थे, जिससे घटना में साजिश की आशंका और गहरा गई है। कांग्रेस ब्यास कश्यप और बालेश्वर साहू ने घटना को लेकर प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि रेत घाट और व्यवसायिक विवाद को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन पुलिस पेट्रोलिंग की कमी के कारण इतनी बड़ी वारदात हो गई। उन्होंने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और साइबर सेल की टीम मौके पर पहुंची। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए जिलेभर में नाकेबंदी की गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कुछ संदिग्धों को जल्द हिरासत में लेने की बात भी कही जा रही है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पिता सम्मेलाल कश्यप ने रोते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। (Firing in Congress Leader House)

राजनीतिक बयानबाजी शुरू

इस घटना को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। कांग्रेस ने जहां कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं, वहीं बीजेपी की राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने पलटवार करते हुए कहा कि प्रदेश में रेत उत्खनन पारदर्शी तरीके से हो रहा है और कांग्रेस को अपने कार्यकाल को याद करना चाहिए। जांजगीर-चांपा की इस वारदात ने न सिर्फ स्थानीय लोगों में दहशत फैला दी है, बल्कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था और रेत कारोबार को लेकर भी कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!