रायपुर में ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई, ‘3 स्टम्प्स’ एप के मास्टरमाइंड बाबू खेमानी के घर दबिश, विदेशी कनेक्शन की जांच

Babu Khemani House Raid: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘3 स्टम्प्स’ एप के मास्टरमाइंड बाबू खेमानी के ठिकाने पर छापेमारी की। क्राइम ब्रांच और गंज पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की, जिसमें डीएसपी और टीआई सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्रवाई के दौरान इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
यह भी पढ़ें:- भीषण गर्मी में बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: मुख्यमंत्री साय
पुलिस को बाबू खेमानी के विदेशी कनेक्शन और अंतरराष्ट्रीय सट्टा नेटवर्क से जुड़े होने के इनपुट मिले थे, जिसके आधार पर यह छापेमारी की गई। टीम ने मौके से दस्तावेजों, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की बारीकी से जांच की। प्रारंभिक जांच में हवाला ट्रांजेक्शन, अंतरराज्यीय नेटवर्क और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए सट्टेबाजी संचालन से जुड़े अहम सुराग मिले हैं। (Babu Khemani House Raid)
मल्टी-स्टेट नेटवर्क का खुलासा
पुलिस के मुताबिक यह सट्टा नेटवर्क सिर्फ छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं था, बल्कि महाराष्ट्र, गोवा और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों तक फैला हुआ था। पुलिस ने गोवा में सक्रिय एक लाइन पैनल को ध्वस्त करने का भी दावा किया है। अब तक इस पूरे नेटवर्क से जुड़े 27 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है, जो इसके व्यापक विस्तार को दर्शाती है। (Babu Khemani House Raid)
फर्जी खातों से होता था लेन-देन
पूछताछ और जांच में सामने आया है कि सट्टे की रकम का लेन-देन फर्जी या म्यूल बैंक खातों के जरिए किया जाता था। पुलिस वित्तीय ट्रेल खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कुल कितनी राशि इस नेटवर्क के माध्यम से संचालित हुई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने लैपटॉप, मोबाइल, एटीएम कार्ड, राउटर और हिसाब-किताब से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं। इसके अलावा एक लग्जरी कार समेत करीब 60 लाख रुपए की संपत्ति भी जब्त की गई है। जब्त किए गए डिजिटल डाटा के आधार पर पूरे सिंडिकेट की परतें खोली जा रही हैं।
कौन है बाबू खेमानी ?
बता दें कि बाबू खेमानी रायपुर का रहने वाला है, जो ‘3 स्टम्प्स’ नाम के अवैध सट्टा वेबसाइट/एप का मास्टरमाइंड माना जाता है। वह सोशल मीडिया पर इन्फ्लुएंसर के रूप में सक्रिय था और इसी माध्यम से हाई-प्रोफाइल लोगों तक अपनी पहुंच बनाता था। आरोप है कि वह मुंबई और गोवा में रहकर इस नेटवर्क का संचालन करता था। अभी आरोपी न्यायिक रिमांड में है। पुलिस अब खेमानी की विदेश यात्राओं और संभावित अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की भी जांच कर रही है। माना जा रहा है कि इस मामले में आगे और बड़े नाम सामने आ सकते हैं, जिससे ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के बड़े सिंडिकेट का खुलासा होने की संभावना है।



