Google Analytics —— Meta Pixel

पत्नी से विवाद के बाद ससुराल पहुंचा आरोपी, दो सालियों पर चलाई गोली, एक की मौत

Firing in Raipur: राजधानी रायपुर के मोवा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां सुंदरी पारा इलाके में नशे में धुत एक बाउंसर ने अपनी दो सालियों पर गोली चला दी, जिसमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई है। वारदात के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आरोपी जीतेंद्र वर्मा पेशे से बाउंसर है, जो मोवा बाजार चौक इलाके का रहने वाला है। आरोपी पत्नी से चल रहे विवाद के चलते ससुराल पहुंचा था। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी उससे नाराज होकर मायके में रह रही थी।

यह भी पढ़ें:- मैं इस्तीफा नहीं दूंगी, हम चुनाव नहीं हारे, हमें चुनाव आयोग के जरिए हराया गया है: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी

मंगलवार रात आरोपी सुंदरी पारा स्थित ससुराल पहुंचा, जहां उसका अपनी सालियों से विवाद हो गया। इसी दौरान उसने लाइसेंसी पिस्टल निकालकर घर के अंदर ही फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में एक युवती को सिर में गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी युवती को पीठ में गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने वारदात के बाद घर के बाहर मुख्य सड़क पर भी फायरिंग की। बताया जा रहा है कि जय दुर्गा मेडिकल के पास और मोवा मेन रोड स्थित उषा प्राइड के सामने भी गोली चलाई गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। (Firing in Raipur)

 

घटना की सूचना मिलते ही पंडरी पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही डीसीपी नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस ने घटनास्थल से खाली कारतूस और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। साथ ही आरोपी के पास से लाइसेंसी पिस्टल भी जब्त कर ली गई है। डीसीपी नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर के मुताबिक प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ है। आरोपी ने पत्नी से विवाद के चलते इस घटना को अंजाम दिया है। घटना में लाइसेंसी पिस्टल का इस्तेमाल किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी और उसकी पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था, जो इस बार हिंसक रूप ले बैठा। रायपुर की इस घटना ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और पारिवारिक विवाद के बढ़ते हिंसक रूप पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सार्वजनिक स्थानों और रिहायशी इलाकों में इस तरह की फायरिंग से आम लोगों की सुरक्षा पर चिंता बढ़ी है। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन इस घटना ने यह संकेत जरूर दिया है कि व्यक्तिगत विवाद जब हथियारों तक पहुंच जाते हैं तो कानून-व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। (Firing in Raipur)

Back to top button
error: Content is protected !!