Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर में सराफा कारोबारी के मैनेजर से 1 करोड़ की लूट, तलवार से हमला कर फरार हुए बदमाश

Robbery in Raipur: राजधानी रायपुर में मंगलवार शाम बाइक सवार 2-3 बदमाशों ने सराफा कारोबारी के मैनेजर पर डंडे और तलवार से हमला कर करीब 1 करोड़ रुपए के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए। गंभीर रूप से घायल मैनेजर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। यह घटना खरोरा थाना क्षेत्र के तिल्दाडीह मोड़ के पास की है। पीड़ित टीकाराम शर्मा विनायक ज्वेलर्स में मैनेजर के पद पर कार्यरत है, जो मंगलवार शाम एक ब्रांच से जेवरात लेकर दूसरी ब्रांच की ओर जा रहा था। इसी दौरान करीब शाम 7 बजे आंधी-बारिश के कारण वह रास्ते में रुक गया। जैसे ही मौसम थोड़ा शांत हुआ और वह आगे बढ़ने लगा, तभी पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया।

यह भी पढ़ें:- पत्नी से विवाद के बाद ससुराल पहुंचा आरोपी, दो सालियों पर चलाई गोली, एक की मौत

बदमाशों ने टीकाराम शर्मा के सिर पर तलवार से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आरोपी सोने-चांदी से भरा बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। बैग में करीब 350 ग्राम सोना, 10 किलो चांदी और लगभग 40 हजार रुपए कैश थे। प्रारंभिक जांच में पुलिस को यह वारदात सुनियोजित लग रही है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों को मैनेजर के रूट और समय की पहले से जानकारी थी। घटना की सूचना मिलते ही खरोरा पुलिस, क्राइम ब्रांच और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
(Robbery in Raipur)

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

रायपुर में दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है, लेकिन छत्तीसगढ़ में जिस तरह से हाल के दिनों में लूट, हमला और संगठित अपराध की घटनाएं बढ़ती नजर आ रही हैं, उसने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। खासकर राजधानी और आसपास के इलाकों में इस तरह दिनदहाड़े या भीड़भाड़ वाले समय में वारदात होना यह दर्शाता है कि अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद हो रहे हैं। इस घटना में भी जिस तरह से आरोपियों ने पहले से प्लानिंग कर, सही समय और मौके का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया, वह सुरक्षा व्यवस्था में मौजूद खामियों की ओर इशारा करता है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों से आम लोगों और व्यापारियों में डर का माहौल बन रहा है।
पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की जरुरत

सराफा कारोबार जैसे संवेदनशील सेक्टर में इस तरह की बड़ी लूट की घटना सुरक्षा के लिहाज से और भी चिंताजनक मानी जा रही है। ऐसे में पुलिस के सामने दोहरी चुनौती है। एक तरफ इस मामले का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करना, और दूसरी तरफ पूरे प्रदेश में बढ़ते क्राइम ग्राफ पर प्रभावी तरीके से नियंत्रण करना। जरूरत इस बात की है कि पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए, संवेदनशील इलाकों में निगरानी मजबूत की जाए और इंटेलिजेंस नेटवर्क को और सक्रिय किया जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं को समय रहते रोका जा सके। साथ ही, अपराधियों के खिलाफ कड़ी और त्वरित कार्रवाई ही आम जनता के बीच भरोसा कायम कर सकती है। फिलहाल सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस इस मामले को कितनी जल्दी सुलझाकर अपराधियों को कानून के दायरे में लाती है।

Back to top button
error: Content is protected !!