नशीली दवाइयों की अवैध बिक्री पर खाद्य और औषधि विभाग की सख्त कार्रवाई, 171 दुकानों के काटे गए चालान

Food Drugs Department Action: छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के निर्देश पर नशीली दवाइयों के दुरुपयोग पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से खाद्य और औषधि प्रशासन की ओर से प्रदेशभर में लगातार छापेमार कार्रवाई की जा रही है। विभाग में पदस्थ औषधि निरीक्षक मेडिकल स्टोर्स का सतत निरीक्षण करते हुए शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समस्त प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की अनिवार्यता का भी परीक्षण कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में लगे कैमरों के फुटेज की भी गहनता से जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें:- रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, 355 ट्रिप रेत, 3 चेन माउंटेन मशीन, 7 हाइवा और 2 ट्रैक्टर जब्त
इसी कड़ी में दुर्ग में पदस्थ खाद्य, औषधि प्रशासन और पुलिस के संयुक्त टीम ने छापेमारी के दौरान नशीली दवाइयों की अवैध खरीद-बिक्री में संलिप्त पाए जाने पर एक मेडिकल संचालक समेत चार व्यक्तियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्स्टेंसेस (NDPS) अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। इसी तरह सरगुजा में खाद्य और औषधि प्रशासन की टीम ने प्राप्त शिकायत के आधार पर गर्भपात कराने वाली औषधियों के अवैध व्यापार में संलिप्त मेडिकल स्टोर्स के खिलाफ कार्रवाई की है। बता दें कि बीते हफ्ते औषधियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुंगेली, बलौदाबाजार, महासमुंद, बालोद, रायपुर, कोंडागांव, रायगढ़, कोरबा, सुकमा, जांजगीर-चांपा और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में स्थित औषधि प्रतिष्ठानों से कुल 22 औषधियों के नमूने संकलित कर रायपुर स्थित कालीबाड़ी राज्य औषधि परीक्षण प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजे गए हैं। (Food Drugs Department Action)
171 चालान काटे गए
वहीं धमतरी, बस्तर, दुर्ग, बिलासपुर, महासमुंद, बेमेतरा, कोरबा और गरियाबंद जिलों के औषधि निरीक्षकों ने कोटपा अधिनियम 2003 की धारा 4 और 6 के अंतर्गत शिक्षण संस्थानों के पास स्थित पान दुकानों के साथ ही अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कुल 171 चालान काटे गए, जिसमें 10,380 रुपये की जुर्माना राशि वसूल की गई। खाद्य और औषधि प्रशासन ने आमजन की सुरक्षा, स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए नशीली दवाओं की अवैध बिक्री समेत औषधियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए यह सतत अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा। (Food Drugs Department Action)
मुंगेली में 30 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त
मुंगेली कलेक्टर कुंदन कुमार के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में लोरमी विकासखंड के खेकतरा में छापेमार कार्रवाई कर 30 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त किया गया। आबकारी विभाग के सहायक आयुक्त राजेश जायसवाल ने बताया कि आरोपी गोविंद ध्रुव के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में आबकारी विभाग उप निरीक्षक जयसिंह मरकाम सहित स्टॉफ शामिल रहे। (Food Drugs Department Action)



