सूरत में रेस्टोरेंट का खाना खाने के बाद 5 साल की बच्ची की मौत, परिवार के 4 सदस्य अस्पताल में भर्ती

Food Poisoning in Surat: गुजरात के सूरत में रेस्टोरेंट का खाना खाने के बाद एक ही परिवार के पांच सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई। इनमें 5 साल की बच्ची आर्या की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसके पिता, मां और दो बहनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने परिवार के सदस्यों में फूड पॉइजनिंग की पुष्टि की है। घटना के बाद सूरत नगर निगम और फूड सेफ्टी विभाग ने शीतल रेस्टोरेंट की जांच की। जांच के दौरान किचन में साफ-सफाई और हाइजीन से जुड़ी कई कमियां मिलीं, जिसके बाद रेस्टोरेंट को सील कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक सूरत की रानुजाधाम सोसायटी में रहने वाले अशोकभाई कलसारिया के परिवार ने 15 अगस्त की शाम शहर के शीतल रेस्टोरेंट से खाना मंगाया था।
यह भी पढ़ें:- जलवायु संकट पर ब्रिक्स का बड़ा मंथन, भारत ने साझा ज्ञान, तकनीक और स्थानीय अनुभवों पर दिया जोर
परिवार ने काजू-पनीर समेत अन्य व्यंजन ऑर्डर किए थे। खाना खाने के बाद परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ने लगी। 16 अगस्त की सुबह करीब 4 बजे अशोकभाई और उनकी एक बेटी को तेज पेट दर्द हुआ। दोनों ने सुबह करीब 9 बजे स्थानीय क्लीनिक में इलाज कराया। कुछ समय बाद परिवार के बाकी सदस्यों की तबीयत भी खराब हो गई। इसके बाद परिवार के सभी पांच सदस्यों को सद्विचार अस्पताल ले जाया गया। परिवार के मुताबिक अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचने के करीब 15 से 20 मिनट बाद 5 साल की आर्या अचानक बेहोश हो गई और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं आर्या के पिता अशोकभाई, उनकी पत्नी और दो अन्य बेटियों का अस्पताल में इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल उनकी हालत स्थिर है। (Food Poisoning in Surat)
फूड सेफ्टी विभाग ने की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद सूरत नगर निगम और फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने शीतल रेस्टोरेंट पहुंचकर जांच की। अधिकारियों को रेस्टोरेंट के किचन में साफ-सफाई और खाद्य सामग्री के रखरखाव में खामियां मिलीं। जांच के दौरान चना दाल समेत कुछ खाद्य सामग्री खराब पाई गई। सब्जियां भी खराब हालत में थीं और खुले में रखी हुई थीं। अधिकारियों ने खराब सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया। फूड सेफ्टी अधिकारी सेजल व्यास ने बताया कि फूड पॉइजनिंग की शिकायत मिलने के बाद टीम ने रेस्टोरेंट की जांच की। जांच के दौरान कई खाद्य सामग्री खराब मिलीं, जिन्हें फेंकवा दिया गया। अधिकारियों ने खाने के सैंपल भी जांच के लिए लिए हैं। रेस्टोरेंट को सील कर नोटिस जारी किया गया है। फूड सेफ्टी एक्ट के तहत रेस्टोरेंट संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। (Food Poisoning in Surat)

मामले की गंभीरता को देखते हुए गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पानसेरिया ने अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल में भर्ती परिवार के सदस्यों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही रेस्टोरेंट से जुड़े जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश भी दिए। हालांकि 5 साल की आर्या की मौत का रेस्टोरेंट के खाने से सीधा संबंध फिलहाल जांच का विषय है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और खाद्य पदार्थों के सैंपल की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। प्रशासन की जांच रिपोर्ट के बाद यह साफ हो सकेगा कि परिवार के बीमार पड़ने और बच्ची की मौत के पीछे दूषित खाना ही वजह था या कोई अन्य कारण। एक तरफ रेस्टोरेंट के खाने से पूरा परिवार बीमार पड़ा तो दूसरी तरफ महज 5 साल की आर्या की जान चली गई। अब सवाल सिर्फ एक बच्ची की मौत का नहीं, बल्कि खाने की गुणवत्ता और लोगों की सेहत से जुड़ी जिम्मेदारी का है। फिलहाल पोस्टमॉर्टम और खाद्य सैंपल की रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह और रेस्टोरेंट की जिम्मेदारी पूरी तरह साफ हो पाएगी।



