बेटे के साथ BJP में शामिल होंगे झारखंड के पूर्व CM चंपई सोरेन, ट्वीट कर कही ये बात

Former CM Champai Soren: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने BJP में शामिल होने को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पहले मैंने सोचा था कि मैं संन्यास ले लूंगा। फिर मैंने सोचा कि नया संगठन बनाऊंगा, लेकिन इसके लिए समय अभी कम है। बहुत मंथन करने के बाद मेरा प्रधानमंत्री और गृहमंत्री अमित शाह पर विश्वास बढ़ गया है। हमने भाजपा में शामिल होने का निर्णय ले लिया है। भाजपा में मेरे साथ मेरा बेटा भी शामिल होगा। सोरेन ने कहा कि झारखंड के आदिवासियों, मूलवासियों, दलितों, पिछड़ों, गरीबों, मजदूरों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और आम लोगों के मुद्दों और अधिकारों के लिए संघर्ष के इस नए अध्याय में आपका सहयोग अपेक्षित है।
यह भी पढ़ें:- देश में कोई तानाशाह है तो वो तानाशाह ममता बनर्जी: भारतीय जनता पार्टी
चंपई सोरेन ने ट्वीट कर कहा कि पिछले हफ्ते यानी 18 अगस्त को एक पत्र द्वारा झारखंड समेत पूरे देश की जनता के सामने अपनी बात रखी थी। उसके बाद मैं लगातार झारखंड की जनता से मिल कर उनकी राय जानने का प्रयास करता रहा। कोल्हान क्षेत्र की जनता हर कदम पर मेरे साथ खड़ी रही और उन्होंने ही संन्यास लेने का विकल्प नकार दिया। पार्टी में कोई ऐसा फोरम-मंच नहीं था, जहां मैं अपनी पीड़ा को व्यक्त कर पाता और मुझ से सीनियर नेता स्वास्थ्य कारणों से राजनीति से दूर हैं। आज बाबा तिलका मांझी और सिदो-कान्हू की पावन भूमि संथाल परगना में बांग्लादेशी घुसपैठ बहुत बड़ी समस्या बन चुका है। (Former CM Champai Soren)
हमारे समाज का अस्तित्व संकट में आ जाएगा: चंपई
उन्होंने कहा कि इससे दुर्भाग्यपूर्ण क्या हो सकता है कि जिन वीरों ने जल, जंगल और जमीन की लड़ाई में कभी विदेशी अंग्रेजों की गुलामी स्वीकार नहीं की, आज उनके वंशजों की जमीनों पर ये घुसपैठिए कब्जा कर रहे हैं। इनकी वजह से फूलो-झानो जैसी वीरांगनाओं को अपना आदर्श मानने वाली हमारी माताओं, बहनों और बेटियों की अस्मत खतरे में है। आदिवासियों और मूलवासियों को आर्थिक समेत सामाजिक तौर पर तेजी से नुकसान पहुंचा रहे इन घुसपैठियों को अगर रोका नहीं गया तो संथाल परगना में हमारे समाज का अस्तित्व संकट में आ जाएगा। (Former CM Champai Soren)
वोटों की खातिर नजरअंदाज किया जा रहा: पूर्व CM
पूर्व CM ने कहा कि पाकुड़, राजमहल समेत कई अन्य क्षेत्रों में उनकी संख्या आदिवासियों से ज्यादा हो गई है। राजनीति से इतर, हमें इस मुद्दे को एक सामाजिक आंदोलन बनाना होगा, तभी आदिवासियों का अस्तित्व बच पाएगा। इस मुद्दे पर सिर्फ भाजपा ही गंभीर दिखती है और बाकी पार्टियां वोटों की खातिर इसे नजरअंदाज कर रही है। इसलिए आदिवासी अस्मिता और अस्तित्व को बचाने के इस संघर्ष में मैंने प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री शाह के नेतृत्व में आस्था जताते हुए भारतीय जनता पार्टी से जुड़ने का फैसला लिया है। (Former CM Champai Soren)



