कोयला कारोबार में ज्यादा मुनाफे का झांसा, बिलासपुर में उज्जैन के कारोबारी से 67.97 लाख की ठगी

Fraud in Bilaspur: कोयले के कारोबार में ज्यादा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर उज्जैन के एक व्यवसायी से करीब 67 लाख 97 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पूरा मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है, जहां तीन लोगों ने फर्जी कंपनियों और आकर्षक मुनाफे का लालच देकर बड़ी रकम निवेश कराई और बाद में बचा पैसा लौटाने से इनकार कर दिया। मामले में पुलिस ने पति-पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। सरकंडा पुलिस के मुताबिक उज्जैन के इंदिरा नगर स्थित आगर रोड में रहने वाले कारोबारी अरविंद सिंह पवार गुरु प्रकाश बायो फ्यूल्स, गुरु एग्रो ब्रिकेट्स और प्रकाश लोक बायो फ्यूल्स के नाम से व्यवसाय करते हैं।
यह भी पढ़ें:- खेलते-खेलते मौत के मुंह में समाए चार बच्चे, तालाब में डूबने से दो सगे भाइयों समेत चार बच्चों की मौत
मार्च 2025 में उनका संपर्क बिलासपुर के अतिक उर रहमान उर्फ राजा खान से हुआ। राजा खान ने बताया कि वह कोयले के कारोबार में निवेश कराता है, जहां कम समय में ज्यादा मुनाफा मिलता है। राजा खान ने अरविंद सिंह पवार को अपने परिचित सोनम कश्यप और नेहरू साहू से मिलवाया। इस दौरान सोनम कश्यप ने खुद को सुपर कोल ट्रेडिंग की प्रोपराइटर और नेहरू साहू ने खुद को एस.एस. कोल ट्रेडिंग का प्रोपराइटर बताया। आरोपियों ने दावा किया कि उनकी कंपनियां बड़े पैमाने पर कोयले का व्यापार करती हैं और निवेश की गई रकम पर हर पांच दिन में प्रति टन 200 से 500 रुपए तक का मुनाफा दिया जाएगा। (Fraud in Bilaspur)
बैंक खातों और नकद में कराया गया निवेश
आरोपियों की बातों पर भरोसा करते हुए अरविंद सिंह पवार ने 8 अप्रैल 2025 से 22 मई 2025 के बीच अलग-अलग तारीखों में रकम निवेश की। 93 लाख 10 हजार रुपए एस.एस. कोल ट्रेडिंग के बैंक ऑफ इंडिया, बिलासपुर शाखा के खाते में जमा कराए गए। आरोपियों ने एक स्थान से अच्छी क्वालिटी का कोयला खरीदने का हवाला देकर 500 रुपए प्रति टन अतिरिक्त मुनाफे का झांसा दिया और 20 लाख रुपए नकद ले लिए। इसके अलावा 5 लाख 90 हजार रुपये मनोज कुमार सिन्हा एंड संस के खाते में जमा कराए गए। 2 लाख 90 हजार रुपये पंजाब नेशनल बैंक में इंडियन ट्रेडर्स के खाते में ट्रांसफर किए गए। 2 लाख रुपए एक अन्य खाते में जमा कराए गए। आरोपियों के कहने पर 1 लाख रुपए फोन-पे के माध्यम से भी ट्रांसफर किए गए।
रकम लौटाने में की गई टालमटोल
इस तरह आरोपियों ने अलग-अलग माध्यमों से पीड़ित से कुल करीब 1 करोड़ 29 लाख रुपए जमा करा लिए। कुछ समय बाद जब कोयले की बिक्री से कोई मुनाफा नहीं मिला और पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने सिर्फ 61 लाख 2 हजार 626 रुपये लौटाए। बचे 67 लाख 97 हजार 374 रुपए वापस नहीं किए गए। बार-बार संपर्क करने पर आरोपी टालमटोल करते रहे और आखिर में रकम देने से साफ मना कर दिया। धोखाधड़ी से परेशान होकर अरविंद सिंह पवार ने 11 जनवरी को सरकंडा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पति-पत्नी समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच और पूछताछ के बाद नेहरू साहू, उसकी पत्नी सोनम कश्यप और उनके सहयोगी अतिक उर रहमान उर्फ राजा खान को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में निवेश और रकम लेन-देन से जुड़े तथ्यों की पुष्टि होने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संभावित पीड़ितों और लेन-देन की भी जांच की जा रही है। यह भी देखा जा रहा है कि कहीं इसी तरह के झांसे देकर अन्य लोगों से भी निवेश तो नहीं कराया गया। (Fraud in Bilaspur)




