Google Analytics —— Meta Pixel

बालोद में शॉर्टकट अमीरी का लालच बना जाल, महिला तांत्रिक ने 3 व्यापारियों से ठग लिए 5 लाख 20 हजार रुपए

Fraud in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के बालोद, दुर्ग और बिलासपुर जिले में ठगी और धोखाधड़ी के तीन अलग-अलग मामले सामने आए हैं, जहां बालोद में महिला तांत्रिक ने तीन व्यापारियों से 5 लाख 20 हजार रुपए की ठगी कर फरार हो गई, वहीं दुर्ग में महिला स्व-सहायता समूहों के साथ 20 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इसके अलावा बिलासपुर में एक ठेकेदार ने व्यापारी से 18 लाख रुपए की ठगी की है। बालोद जिले में तीन व्यापारियों को शॉर्टकट से पैसा कमाने की चाहत महंगी पड़ गई। अनजान नंबर से आए कॉल के झांसे में आकर व्यापारियों ने महिला तांत्रिक को 5 लाख 20 हजार रुपए सौंप दिए।

यह भी पढ़ें:- रायगढ़ में कोयला खदान के खिलाफ एकजुट हुए 4 गांव के लोग, कलेक्ट्रेट के बाहर 27 घंटे तक दिया धरना

जानकारी के मुताबिक महिला तांत्रिक ने फोन पर दावा किया कि वह पैसा दस गुना कर सकती है। व्यापारियों को विश्वास दिलाने के लिए उसने खुद को तांत्रिक बताया और तंत्र-मंत्र से पैसे बढ़ाने का झांसा दिया। व्यापारी महिला को राजनांदगांव से अपनी कार में बालोद के गंजपारा लेकर आए। वहां महिला ने दो मटका, नींबू और पूजा सामग्री मंगवाई और व्यापारियों से 5 लाख 20 हजार रुपए लेकर एक खाली मटके में भर दिए। उसने कहा कि तंत्र क्रिया के लिए उसे शांत जगह चाहिए, इसलिए सबको कार में लेकर कचहरी चौक तक पहुंची। वहां नींबू और पूजा सामग्री भूल आने का बहाना बनाकर व्यापारियों को वापस भेजा और खुद मौके से फरार हो गई। (Fraud in Chhattisgarh)

महिला स्व-सहायता समूहों से 20 लाख की धोखाधड़ी

जब व्यापारी लौटे तो ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दुर्ग जिले में भी इसी तरह का एक मामला दर्ज है, जिसमें महिला तांत्रिक समेत तीन आरोपी जेल भेजे गए हैं। पुलिस को शक है कि बालोद की ठगी भी उन्हीं के गिरोह ने की है। जांच जारी है। कोतवाली थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि महिला तांत्रिक की पहचान और लोकेशन की जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं दुर्ग जिले के कोटनी गांव में महिला स्व-सहायता समूहों के साथ करीब 20 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी महिला मनीता निषाद को गिरफ्तार कर लिया है।

मार्च 2024 से फरार थी महिला

भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि नव जागृति महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष दिव्या साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि गांव की ही मनीता निषाद, जो समूह में सचिव के पद पर कार्यरत थी, उसने छह अलग-अलग समूहों से लोन की राशि एकत्र की और उसे बैंक में जमा करने के बजाय खुद के पास रख लिया। आरोप है कि उसने लगभग 20 लाख रुपये का गबन किया। जब बैंक से नोटिस आया तो समूहों को ठगी का पता चला। इसके बाद गांव में बैठक कर आरोपी को पैसे लौटाने का समय दिया गया, लेकिन वह 4 मार्च 2024 की रात घर छोड़कर फरार हो गई। हालांकि पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। (Fraud in Chhattisgarh)

ठेकेदार ने व्यापारी से की 18 लाख की ठगी

बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र में 18 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। कश्यप कॉलोनी के रहने वाले व्यापारी रितेश पाठक ने बताया कि ठेकेदार दिनेश मुदलियार ने भरोसे का फायदा उठाकर कुल 41.50 लाख रुपए लिए थे। आरोपी ने विश्वास दिलाने के लिए व्यापारी को कोरा चेक और एक स्वीकृति पत्र भी दिया था, लेकिन उसने सिर्फ 23.50 लाख रुपए लौटाए और बाकी 18 लाख रुपये लेकर फरार हो गया। तोरवा पुलिस ने व्यापारी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है। तीनों मामलों से साफ है कि छत्तीसगढ़ में ठगी और धोखाधड़ी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अज्ञात कॉल, तंत्र-मंत्र के झांसे और बिना दस्तावेज वाले लेन-देन से दूर रहें, ताकि ऐसे ठगों से बचा जा सके।

Back to top button
error: Content is protected !!