Google Analytics —— Meta Pixel

हर महीने 15% मुनाफे का झांसा, शेयर मार्केट-रियल एस्टेट के नाम पर 30 करोड़ की ठगी

Fraud in Janjgir Champa: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शेयर मार्केट और रियल एस्टेट में निवेश के नाम पर करीब 30 करोड़ रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। हर महीने 15 प्रतिशत मुनाफा देने का लालच देकर लोगों से पैसे ऐंठे गए। पुलिस ने इस ठगी के मास्टरमाइंड प्रमोद कुमार वैष्णव (40) को गिरफ्तार कर लिया है। मामला अकलतरा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अकलतरा का रहने वाला है, जो खुद को शेयर मार्केट और रियल एस्टेट का अनुभवी कारोबारी बताता था। लोगों को भरोसे में लेने के लिए वह इकरारनामा और बैंक चेक भी देता था। इसी तरीके से उसने बिलासपुर, जांजगीर-चांपा और कोरबा जिले में कई लोगों से करोड़ों रुपए जमा कर लिए।

यह भी पढ़ें:- भाजपा के गठन के समय पैदा भी नहीं हुए थे नितिन नबीन, अब बने दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष

इस ठगी का शिकार हुए महेंद्र कुमार कश्यप (40) पेशे से किसान हैं और कामता गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने अपनी बेटी की शादी के लिए धान बेचकर जमा किए गए 10 लाख रुपए आरोपी को दे दिए थे। आरोपी ने जून 2024 में संपर्क कर हर महीने 15 प्रतिशत मुनाफा देने का लालच दिया और भरोसे के लिए HDFC बैंक का 10 लाख रुपए का चेक भी दिया। कुछ समय बाद आरोपी का मोबाइल बंद आने लगा और वह घर से फरार हो गया। जब पीड़ित महेंद्र कश्यप ने आसपास पूछताछ की तो पता चला कि आरोपी ने इसी तरह चोरभट्टी के कौशल प्रसाद कश्यप से 10 लाख रुपए और हीरालाल कश्यप से 5 लाख रुपए की ठगी की है। (Fraud in Janjgir Champa)

 

सभी को चेक और इकरारनामा दिया गया था। आगे की जांच में सामने आया कि प्रमोद ने 10 से 15 अन्य लोगों से भी निवेश के नाम पर बड़ी रकम वसूली है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की। सभी तथ्य सही पाए जाने के बाद 17 जनवरी को आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। इसके बाद अकलतरा पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने कोरबा, जांजगीर-चांपा और बिलासपुर जिले में करीब 30 करोड़ रुपये की ठगी करना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 2 कार और 1 बाइक जब्त की है, जिनकी कीमत करीब 20 लाख रुपए आंकी गई है। इसके अलावा आरोपी की अन्य चल-अचल संपत्तियों की जांच की जा रही है। ठगी गिरोह में शामिल एक अन्य आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

स्टॉक मार्केट स्कैम से बचने के तरीके

  • सोशल मीडिया ग्रुप पर आए निवेश संबंधी मैसेज पर भरोसा न करें।
  • किसी भी एप या कंपनी का रजिस्ट्रेशन SEBI/RBI की वेबसाइट पर जरूर जांचें।
  • अनजान लिंक से कोई एप डाउनलोड न करें।
  • सिर्फ विश्वसनीय एप और वेबसाइट के जरिए ही ट्रेडिंग करें।
  • WhatsApp/Telegram ग्रुप के एडमिन की जांच जरूर करें।
  • अपना यूजरनेम, पासवर्ड या OTP किसी को न दें।
  • अनजान कॉल या मैसेज का जवाब न दें।
Back to top button
error: Content is protected !!