Google Analytics —— Meta Pixel

यात्रीगण कृपया ध्यान दें: बिलासपुर रेल मंडल की 6 पैसेंजर ट्रेनें 3 दिनों तक रहेंगी रद्द, घर से निकलने से पहले जांच लें स्टेटस

Chhattisgarh Train Cancel 2026: छत्तीसगढ़ में रेल यात्रियों को फिर परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। दरअसल, बिलासपुर रेल मंडल में तकनीकी कार्य के चलते 6 पैसेंजर ट्रेनों को तीन दिनों के लिए रद्द कर दिया गया है। समपार फाटक पर गर्डर डी-लॉन्चिंग के कारण यह फैसला लिया गया है। 23 जनवरी से 25 जनवरी तक बिलासपुर-रायगढ़-बिलासपुर और बिलासपुर-कोरबा-बिलासपुर मेमू लोकल ट्रेनें नहीं चलेंगी। इससे रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। रेलवे के मुताबिक जांजगीर नैला-चांपा सेक्शन में आवश्यक संरचनात्मक कार्य किया जाना है, जिसके चलते ट्रैफिक सह पावर ब्लॉक लिया जाएगा। इस अवधि में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से चलने और गुजरने वाली कुछ अन्य ट्रेनें भी प्रभावित रहेंगी। इनमें से दो गाड़ियां अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पाएंगी और बीच रास्ते में ही समाप्त कर दी जाएंगी।

यह भी पढ़ें:- हर महीने 15% मुनाफे का झांसा, शेयर मार्केट-रियल एस्टेट के नाम पर 30 करोड़ की ठगी

इन ट्रेनों को किया गया रद्द

  • ट्रेन नंबर 68736 बिलासपुर-रायगढ़ मेमू पैसेंजर 22 जनवरी और 24 जनवरी को रद्द रहेगी।
  • ट्रेन नंबर 68737 रायगढ़-बिलासपुर मेमू पैसेंजर 23 जनवरी और 25 जनवरी को रद्द रहेगी।
  • ट्रेन नंबर 68738 बिलासपुर-रायगढ़ मेमू पैसेंजर 23 जनवरी और 25 जनवरी को रद्द रहेगी।
  • ट्रेन नंबर 68735 रायगढ़-बिलासपुर मेमू पैसेंजर 23 जनवरी और 25 जनवरी को रद्द रहेगी।
  • ट्रेन नंबर 68731 कोरबा-बिलासपुर मेमू पैसेंजर 23 जनवरी और 25 जनवरी को रद्द रहेगी।
  • ट्रेन नंबर 68732 बिलासपुर-कोरबा मेमू पैसेंजर 23 जनवरी और 25 जनवरी को रद्द रहेगी।

23 और 25 जनवरी को गोंदिया से चलने वाली गाड़ी संख्या 68861 गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू पैसेंजर को बिलासपुर स्टेशन में ही समाप्त कर दिया जाएगा। इस दौरान बिलासपुर से झारसुगुड़ा के बीच यह ट्रेन रद्द रहेगी। इसी तरह 23 और 25 जनवरी को झारसुगुड़ा से चलने वाली गाड़ी संख्या 68862 झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू पैसेंजर को बिलासपुर स्टेशन से शुरू किया जाएगा और झारसुगुड़ा से बिलासपुर के बीच यह ट्रेन रद्द रहेगी। रेलवे ने बताया कि जांजगीर नैला-चांपा सेक्शन के बीच किलोमीटर संख्या 672/27 से 673/02 पर स्थित समपार फाटक संख्या 343 में गर्डर डी-लॉन्चिंग का कार्य किया जाएगा। सुरक्षा और संरचनात्मक मजबूती के लिए यह काम बेहद जरूरी है, इसलिए इस दौरान रेल परिचालन प्रभावित रहेगा। (Chhattisgarh Train Cancel 2026)

Special Train For Chhath

इससे पहले भी बिलासपुर रेल मंडल में यात्रियों को इसी तरह की परेशानी झेलनी पड़ी थी। 17 और 18 जनवरी को ब्रिज मरम्मत और मेंटेनेंस कार्य के चलते बिलासपुर-रायगढ़-बिलासपुर और बिलासपुर-कोरबा-बिलासपुर मेमू लोकल ट्रेनें दो दिनों के लिए रद्द की गई थी। उस दौरान कोटमीसोनार-जयरामनगर सेक्शन में ट्रैफिक ब्लॉक लेकर मेंटेनेंस वर्क किया गया था। लगातार ट्रेन रद्द होने से नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और दैनिक यात्रियों में नाराजगी देखी जा रही है। यात्रियों ने रेलवे से वैकल्पिक व्यवस्था करने और पहले से स्पष्ट सूचना देने की मांग की है, ताकि सफर की योजना बेहतर तरीके से बनाई जा सके। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी जरूर जांच लें, ताकि असुविधा से बचा जा सके। (Chhattisgarh Train Cancel 2026)

ऐसे चेक कर सकते हैं ट्रेन का स्टेटस

ट्रेन रद्द होने से सभी सामान लेकर स्टेशन के लिए निकलने के बाद वापस आने में यात्रियों को भारी असुविधा हो सकती है। इससे अच्छा है कि स्टेशन जाने से पहले ही ट्रेनों की लिस्ट जरूर चेक कर लें। रद्द, डायवर्ट और रिशेड्यूल ट्रेनों की लिस्ट चेक करने के लिए आपके पास एक स्मार्टफोन या लैपटॉप के साथ इंटरनेट की सुविधा होनी चाहिए। ट्रेनों की लिस्ट चेक करने के लिए सबसे पहले enquiry.indianrail.gov.in/mntes/ की वेबसाइट पर विजिट करना होगा। इसके बाद Exceptional Trains ऑप्शन दिखेगा। इस ऑप्शन को चुनें। कैंसिल, रिशेडयूल और डायवर्ट ट्रेनों की लिस्ट पर क्लिक करें और इसके बाद ही स्टेशन के लिए निकलें। तीनों लिस्ट चेक करके ही घर से बाहर निकलें, जिससे आपको परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।

Back to top button
error: Content is protected !!