शेयर मार्केट में 5% मासिक ब्याज का लालच, लोगों से 8 करोड़ 45 लाख रुपए की ठगी

Fraud in Janjgir Champa: जांजगीर-चांपा में शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 8 करोड़ 45 लाख रुपए की बड़ी ठगी का खुलासा हुआ है। चांपा पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में मामले के मुख्य आरोपी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी लोगों को हर महीने 5 प्रतिशत ब्याज और ज्यादा लोगों को जोड़ने पर अतिरिक्त लाभ का लालच देकर करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी करता था। पुलिस के मुताबिक सक्ती के रहने वाले भूधर प्रसाद देवांगन (उम्र 38) ने 30 जनवरी को चांपा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें बताया गया कि 2021 में उनकी पहचान कोलकाता के विश्वजीत देबनाथ से हुई थी। यह मुलाकात चांपा में मेदी लाल देवांगन के माध्यम से हुई थी। आरोपी ने खुद को शेयर मार्केट का जानकार बताकर निवेश पर प्रति माह 5 प्रतिशत ब्याज देने का भरोसा दिलाया।
यह भी पढ़ें:- बेंगलुरु के चेन रोड पर भीषण हादसा, NH-648 पर चार वाहनों की टक्कर, 7 लोगों की मौत
आरोपी ने निवेशकों को ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने पर अतिरिक्त मुनाफा देने का भी झांसा दिया। शुरुआत के कुछ महीनों तक निवेशकों को नियमित 5 प्रतिशत ब्याज दिया गया, जिससे लोगों का भरोसा बढ़ता गया। इसी भरोसे के चलते सिर्फ एक व्यक्ति ही नहीं, बल्कि कई लोगों ने नकद, आरटीजीएस, एनईएफटी और चेक के माध्यम से कुल 8 करोड़ 45 लाख रुपए निवेश कर दिए। कुछ समय बाद आरोपी ने कंपनी में घाटा होने का बहाना बनाकर भुगतान बंद कर दिया। जब निवेशकों ने अपनी मूल राशि वापस मांगी तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा और आखिर में रकम हड़पकर फरार हो गया। (Fraud in Janjgir Champa)

पश्चिम बंगाल से गिरफ्तारी
मामले में चांपा थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी पश्चिम बंगाल में छिपा हुआ है। इसके बाद टीम ने पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के ईटला पोड़ा पारा, पोस्ट कालीघाट, थाना कोतवाली कृष्णानगर क्षेत्र से आरोपी विश्वजीत देबनाथ को हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक क्रेटा कार, 12 अलग-अलग बैंकों के चेकबुक, 9 डेबिट कार्ड, 8 क्रेडिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, तीन महंगे मोबाइल और 30 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने ठगी की रकम से क्रेटा कार खरीदी, सोना खरीदा, अपने घर का रंग-रोगन कराया और बैंक में सोना जमा किया। (Fraud in Janjgir Champa)
नेटवर्क से जुड़े संभावित लोगों की भी जांच
फिलहाल आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जा रही है। पुलिस अन्य पीड़ितों और इस नेटवर्क से जुड़े संभावित लोगों की भी जांच कर रही है। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक देश में आर्थिक अपराध और धोखाधड़ी लगातार बढ़ रही हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि 2023 में कुल 2 लाख 04 हजार 973 आर्थिक अपराध दर्ज किए गए, जिनमें फॉरगरी, निवेश और फ्रॉड से जुड़े मामले सबसे ज्यादा थे। साइबर अपराधों में 31.2% की बढ़ोतरी हुई और इनमें से लगभग 69% मामले धोखाधड़ी से जुड़े थे, जिससे यह स्पष्ट होता है कि निवेश-संबंधित स्कैम और डिजिटल फ्रॉड जैसी घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे ही आर्थिक और साइबर फ्रॉड के बीच चांपा पुलिस की ओर से 8.45 करोड़ रुपए की निवेश धोखाधड़ी का आरोपी गिरफ्तार करना एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।



