बेंगलुरु के चेन रोड पर भीषण हादसा, NH-648 पर चार वाहनों की टक्कर, 7 लोगों की मौत

Road Accident in Bengaluru: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। बेंगलुरु ग्रामीण जिले के होसकोटे तालुक स्थित एम. सत्यवारा गांव के पास चेन रोड पर हुए हादसे में सात लोगों की मौत हो गई है। पुलिस के मुताबिक यह हादसा होसकोटे-डबासपेट राष्ट्रीय राजमार्ग यानी NH-648 पर हुआ है। जानकारी के मुताबिक कोलार की ओर से देवनहल्ली की दिशा में जा रही एक कार ने सबसे पहले अपने आगे चल रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा।
यह भी पढ़ें:- सरकारी नौकरी के झूठे वादे में फंसे लोग, रायपुर में 31 लाख 50 हजार रुपए की ठगी
नियंत्रण खोने के बाद कार आगे चल रहे कैंटर ट्रक से जा टकराई। इसी दौरान एक अन्य कार भी इस हादसे की चपेट में आ गई। देखते ही देखते हाईवे पर चार वाहनों की सिलसिलेवार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि एक्सयूवी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद ट्रक और बाइक डिवाइडर पार कर सड़क के दूसरी ओर जा गिरे, जबकि बुरी तरह क्षतिग्रस्त एक्सयूवी घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर जाकर रुकी। पुलिस ने बताया कि हादसे में एक्सयूवी में सवार छह लोगों और मोटरसाइकिल चालक की मौके पर ही मौत हो गई। (Road Accident in Bengaluru)

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कार में सवार सभी मृतक बेंगलुरु के कोथनूर इलाके के निवासी थे। मृतकों में से छह की पहचान कर ली गई है, जबकि एक अन्य की पहचान की प्रक्रिया जारी है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए होसकोटे के सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सुलिबेले पुलिस स्टेशन के जवानों ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। मौके पर पहुंचे आईजीपी (सेंट्रल) लाभू राम ने बताया कि सड़क दुर्घटना की इस श्रृंखला में सात लोगों की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों से संपर्क कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। (Road Accident in Bengaluru)
जांच जारी, हाईवे डिजाइन पर सवाल
बेंगलुरु ग्रामीण पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार प्रतीत हो रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या वाहन चालक नशे की हालत में था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर हादसे की सटीक वजह का पता लगाया जाएगा। इस बीच स्थानीय निवासियों ने सदप्पनहल्ली से कमालीपुरा पुल तक सड़क के डिजाइन और निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि इस हिस्से में वैज्ञानिक योजना का अभाव है, जिसके कारण पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।



