Google Analytics —— Meta Pixel

जशपुर में ‘जादुई कलश’ के नाम पर करोड़ों की ठगी, जानिए कैसे खुला पूरा राज…?

Fraud in jashpur: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक गिरोह ने ‘जादुई कलश’ के नाम पर हजारों ग्रामीणों से करोड़ों रुपए की ठगी को अंजाम दिया है। मामले में पत्थलगांव पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि इस ठगी का मास्टरमाइंड महेंद्र बहादुर ठाकुर फिलहाल फरार है। पुलिस ने इस पूरे गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए अब तक 1 करोड़ 94 लाख रुपए की ठगी की पुष्टि की है, जो कि आगे और बढ़ सकती है।

क्या है ‘जादुई कलश’ का फर्जीवाड़ा ?

इस रैकेट की शुरुआत 2021 में हुई, जब आरोपियों ने ग्रामीण इलाकों में यह प्रचार फैलाना शुरू किया कि कोरबा जिले के मदवारानी क्षेत्र में एक ‘जादुई कलश’ मिला है। इस कलश में ऐसी रहस्यमयी शक्तियां हैं, जो चावल, धातु या धन को अपनी ओर खींच लेती हैं और विदेशों में इसकी कीमत अरबों रुपए है। गिरोह ने ग्रामीणों को झांसा दिया कि यह कलश भारत सरकार के माध्यम से विदेशों में बेचा जाएगा और बिक्री से जो मुनाफा होगा, उसे कंपनी के सदस्यों में बांटा जाएगा। हर सदस्य को 1 करोड़ से 5 करोड़ रुपए तक का लाभ मिलने की गारंटी दी गई। (Fraud in jashpur)

फर्जी कंपनी बनाकर रचा गया पूरा जाल

इस गिरोह का मास्टरमाइंड महेंद्र बहादुर ठाकुर बताया जा रहा है, जिसने ‘RP ग्रुप’ नाम की फर्जी कंपनी बनाई। इस कंपनी में लोगों को सदस्य बनाया गया। सदस्यता के लिए उनसे आधार कार्ड, पैन कार्ड और फोटो लेकर 25,000 से 50,000 रुपए तक की रकम ली गई। रकम लेने के लिए कई झूठे कारण बताए गए, जिसमें कलश की सुरक्षा के लिए फंड, विदेश में कलश की नीलामी कराने की प्रोसेसिंग फीस, विदेशियों के आने-जाने का खर्च, KYC और दस्तावेज सत्यापन शुल्क की बात शामिल है। (Fraud in jashpur)

यह भी पढ़ें:- रायगढ़ में 4 लोगों की हत्या का मामला, मृतक के पड़ोसी और उसके नाबालिग बेटे को पुलिस ने हिरासत में लिया

इस ठगी का खुलासा तब हुआ जब कांसाबेल की रहने वाली अमृता बाई ने 7 सितंबर 2025 को पत्थलगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई। अमृता ने बताया कि 2021 से 2024 तक उसे और उसके गांव के कई लोगों को झूठे वादों में फंसाकर पैसे वसूले गए। धीरे-धीरे और लोग सामने आने लगे और कई जिलों से शिकायतें पुलिस तक पहुंची। जांच में पता चला कि यह ठगी संगठित रूप से प्रदेश के कई जिलों में फैली हुई थी। 5 जिलों में सैकड़ों एजेंट बनाए गए थे, जो गांव-गांव जाकर लोगों को सदस्य बना रहे थे। (Fraud in jashpur)

कहां-कहां फैला था ठगी का नेटवर्क ?

  • जशपुर
  • सरगुजा
  • कोरबा
  • रायगढ़
  • बिलासपुर

मामले की गंभीरता को देखते हुए SP शशि मोहन सिंह ने SDOP ध्रुवेश कुमार जायसवाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया। इस टीम ने कोरबा, बिलासपुर और सीतापुर में दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

राजेंद्र कुमार दिव्य (46 साल)

मूल निवासी- जोरहा डबरी, कोरबा

वर्तमान निवास- अटल आवास, कबीर नगर, रायपुर

तुरेंद्र कुमार दिव्य उर्फ मनीष कुमार दिव्य (38 साल)

मूल निवासी- जोरहा डबरी, कोरबा

वर्तमान निवास- भदरापारा, बालको नगर, कोरबा

प्रकाश चंद धृतलहरे (40 साल)

निवासी- गोढ़ीकला, पत्थलगांव (जशपुर)

उपेंद्र कुमार सारथी (56 साल)

निवासी- लीचीरमा, सीतापुर (सरगुजा)

पुलिस पूछताछ में चारों आरोपियों ने स्वीकार किया कि इस योजना का असली मास्टरमाइंड महेंद्र बहादुर ठाकुर ही था। उसी ने ‘जादुई कलश’ की कहानी गढ़ी और उन्हें बताया कि यह कलश दुर्लभ धातु से बना है, जिसे विदेशी बाजार में अरबों में बेचा जाएगा।इसके बाद गिरोह ने बाकायदा कंपनी के दस्तावेज तैयार कर सदस्य जोड़ने शुरू कर दिए। विदेशी खरीदारों से डील होने की झूठी कहानियां बनाई गई और हर जगह झूठा प्रचार किया गया।

क्या-क्या हुआ बरामद ?

  • दस्तावेजों का बंडल
  • मोबाइल फोन
  • एक कार
  • कंपनी से जुड़े फर्जी ID कार्ड और रसीदें

जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत 13 लाख रुपए आंकी गई है। आरोपियों के खिलाफ IPC की धारा 420 (धोखाधड़ी) और 34 (साझा आपराधिक मंशा) के तहत मामला दर्ज किया गया है। महेंद्र बहादुर ठाकुर और उसका एक अन्य साथी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस की अलग टीम गठित की गई है। पुलिस का मानना है कि जैसे-जैसे पीड़ित सामने आते जाएंगे, ठगी की रकम कई करोड़ रुपए तक पहुंच सकती है।

SP ने लोगों से की अपील

SP शशि मोहन सिंह ने कहा कि यह एक संगठित ठगी है, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों से करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी की गई है। फिलहाल चार आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। हम सभी पीड़ितों से अपील करते हैं कि वे आगे आएं और अपनी शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही कहा कि किसी भी तरह की संदिग्ध योजना, लालच या गारंटी लाभ के झांसे में न आएं। ठगी या धोखाधड़ी की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या साइबर सेल को दें। (Fraud in jashpur)

Back to top button
error: Content is protected !!