रायगढ़ में 4 लोगों की हत्या का मामला, मृतक के पड़ोसी और उसके नाबालिग बेटे को पुलिस ने हिरासत में लिया

Raigarh Murder Case: रायगढ़ के ठुसेकेला गांव में हुए पति-पत्नी और दो बच्चों की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में पड़ोसी लोकेश्वर पटेल और उसके नाबालिग बेटे को पुलिस ने हिरासत में लिया है। जानकारी के मुताबिक कल देर शाम से ही पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। इस हत्याकांड को लेकर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि लोकेश्वर पटेल का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से ही रहा है। करीब 6 साल पहले उत्तर प्रदेश में हत्या के एक मामले में उसे पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
यह भी पढ़ें:- गरियाबंद में 36 घंटे की मुठभेड़, 5.22 करोड़ के इनामी 10 नक्सली ढेर
कोर्ट से सजा मिलने के बाद उसने 6 साल की कैद काटी और करीब 8 महीने पहले ही जेल से छूटकर बाहर आया था। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए रायगढ़ SP दिव्यांग पटेल खुद खरसिया थाने में मौजूद हैं और लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस कई पहलुओं से जांच कर रही है। बता दें कि ठुसेकेला गांव में कल पति-पत्नी और उनके दो बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इस वारदात के पीछे पुरानी रंजिश हो सकती है। मृतकों की पहचान बुधराम उरांव (40), उनकी पत्नी सुभद्रा उरांव (35), बेटा अरविंद (12) और बेटी शिवांशी (6) के रूप में हुई है। (Raigarh Murder Case)

स्थानीय लोगों ने बताया कि चार दिनों से बुधराम के घर का दरवाजा बंद था। घर से बदबू आने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। खरसिया पुलिस मौके पर पहुंची और घर के पीछे बाड़ी से चारों शव बरामद किए। पुलिस के मुताबिक चारों की कुल्हाड़ी और लोहे के रॉड से हत्या कर शवों को मिट्टी में दबाया गया था। बता दें कि चारों के शव को दफनाने के लिए घर के पीछे बाड़ी में तीन फीट गहरा गड्ढा खोदा। बच्चों को सबसे पहले फिर उसके ऊपर पिता का शव रखा गया था। आखिर में महिला के शव को दफनाया गया था। पुलिस जांच में सामने आया कि शवों पर संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। आशंका है कि चारों की हत्या नींद में की गई। मृतक बुधराम उरांव मूलतः घरघोड़ा के चांटीगुड़ा गांव का रहने वाला था। (Raigarh Murder Case)



