मैरिज ब्यूरो बना ठगी का अड्डा, रायगढ़ और राजनांदगांव में शादी के नाम पर संगठित नेटवर्क का खुलासा
Fraud Name of Marriage: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ और राजनांदगांव जिले में फर्जी मैरिज ब्यूरो के नाम पर चल रहे संगठित ठगी नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया है। दोनों जिलों में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है और करोड़ों रुपए की ठगी का पर्दाफाश किया है। रायगढ़ जिले में 24 घंटे से ज्यादा समय तक चली पुलिस की विशेष कार्रवाई में एक बड़े मैट्रिमोनियल फ्रॉड गिरोह का भंडाफोड़ किया गया। इस मामले में कपिल गर्ग और हिमांशी मेहर समेत कुल 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को निधी परिवहन केंद्र और शांति देवी सोसाइटी ऑफ एजुकेशन में एक साथ छापेमारी की थी। जांच में सामने आया कि यहां से कॉल सेंटर के माध्यम से बड़े स्तर पर ठगी का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था।
यह भी पढ़ें:- अंबेडकर जयंती पर छत्तीसगढ़ में सियासी घमासान, भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने
गिरोह की महिला सदस्य खुद को शादी के लिए इच्छुक बताकर लोगों से संपर्क करती थी। विश्वास जीतने के बाद रजिस्ट्रेशन फीस, मीटिंग फीस और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर पैसे वसूले जाते थे। प्रारंभिक जांच के मुताबिक इस गिरोह ने करीब 7,500 लोगों को निशाना बनाकर 1 करोड़ 11 लाख रुपए की ठगी की है। छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में फर्जी दस्तावेज, स्टांप पेपर और अधिकारियों की नकली सील-मोहर भी बरामद की गई हैं। कार्रवाई के बाद आरोपियों के परिजन बड़ी संख्या में निधी सेवा केंद्र पहुंचे और अपने परिजनों से मिलने की मांग की। इस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि पूरी कार्रवाई कानून के तहत की जा रही है और किसी निर्दोष के साथ अन्याय नहीं होगा। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
राजनांदगांव में लव लाइव रिश्ते मैरिज ब्यूरो का भंडाफोड़
इधर, राजनांदगांव में भी फर्जी मैरिज ब्यूरो के नाम पर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले गिरोह की मुख्य संचालक नेहा पाठक और डायरेक्टर धर्मेंद्र मानिकपुरी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस के मुताबिक लव लाइव रिश्ते नाम से संचालित यह फर्जी ब्यूरो शहर की एक पॉश कॉलोनी में किराए के मकान से चलाया जा रहा था। आरोपी इंटरनेट से युवतियों की तस्वीरें डाउनलोड कर फर्जी प्रोफाइल तैयार करते थे और व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से युवाओं को अपने जाल में फंसाते थे। गिरोह रजिस्ट्रेशन पैकेज, फैमिली मीटिंग और शादी तय कराने के नाम पर मोटी रकम वसूलता था। जांच में आरोपियों के बैंक खातों में लगभग 37 लाख 69 हजार रुपए के ट्रांजेक्शन का खुलासा हुआ है। (Fraud Name of Marriage)
पुलिस ने लोगों से की अपील
जानकारी के मुताबिक इस गिरोह ने करीब 2200 युवाओं को ठगी का शिकार बनाया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य संलिप्त लोगों की तलाश की जा रही है। दोनों मामलों को देखते हुए पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी मैरिज ब्यूरो या ऑनलाइन रिश्तों के प्रस्ताव पर भरोसा करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें। पुलिस का मानना है कि आने वाले दिनों में इन मामलों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। रिश्तों के नाम पर बिछे इस ठगी के जाल को पुलिस ने तोड़ दिया है, लेकिन जांच अभी बाकी है और कई राज खुलना बाकी हैं। अब देखना होगा कि इस खेल के पीछे और कौन-कौन से चेहरे सामने आते हैं। यह मामला सिर्फ ठगी नहीं, बल्कि भरोसे के साथ खिलवाड़ का भी है, जिसकी जांच अब गहराई से की जा रही है। (Fraud Name of Marriage)



