रायगढ़ से बस्तर तक पुलिस ने 58 लाख के 300 किलो से ज्यादा गांजा तस्करी का किया भंडाफोड़, पढ़ें पूरी खबर

Ganja Smuggling in Chhattisgarh: रायगढ़ जिले की घरघोड़ा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बड़े गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की हुंडई कार से ढाई क्विंटल यानी 257.5 किलो गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत 50 लाख रुपए बताई गई है। इस कार्रवाई में तस्करी में प्रयुक्त कार और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। मुखबिर से मिली जानकारी के मुताबिक एक युवक ओडिशा से गांजा लेकर रायगढ़ की ओर आ रहा था। सूचना मिलने पर घरघोड़ा थाना पुलिस, साइबर सेल, पूंजीपथरा और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने घरघोड़ा-लैलूंगा मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की।
यह भी पढ़ें:- कोयला अवैध वसूली केस में कोई छूट नहीं, HC ने की रानू साहू के करीबी नवनीत तिवारी की जमानत याचिका खारिज
घेराबंदी के दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। कार में 250 पैकेट में गांजा रखा मिला। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संतोष दास के रूप में हुई है, सरगुजा के दरिमा का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के कब्जे से बरामद गांजा, कार और मोबाइल की कुल कीमत लगभग 58 लाख 10 हजार रुपए आंकी गई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपने तस्करी नेटवर्क से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी पुलिस को दी हैं। घरघोड़ा थाना प्रभारी ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है और पुलिस तस्करी में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
4 लाख 60 हजार का गांजा जब्त
वहीं ओडिशा से गांजा लेकर जगदलपुर की ओर आ रहे दो युवकों को बस्तर पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी हुंडई सेंट्रो कार के पीछे की सीट, कार के निचले हिस्से और बैक लाइट के अंदर गांजा छिपाकर तस्करी कर रहे थे। पुलिस ने कार से 46 किलो गांजा जब्त किया, जिसकी कीमत लगभग 4 लाख 60 हजार रुपए बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद शोएब और मुर्शीद के रूप में हुई है। दोनों UP के रहने वाले हैं। एडिशनल एसपी माहेश्वर नाग ने बताया कि पुलिस लगातार सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी पर निगरानी रख रही है और ऐसी कार्रवाई इसी के तहत संभव हुई।
जांजगीर-पुलिस में 8 किलो गांजा बरामद
जांजगीर-चांपा में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 8 किलो गांजा, दो मोटरसाइकिल और दो मोबाइल जब्त किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुर्गेश राठौर उर्फ पिंटू और सूरज प्रकाश राठौर, दोनों जांजगीर निवासी के रूप में हुई है। बरामद गांजा की कीमत लगभग 80,000 रुपए आंकी गई है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ, जुआ, सट्टा और शराब के कारोबार में शामिल 10 लोगों को गिरफ्तार किया।
नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह ने पदभार ग्रहण करते ही सख्त तेवर दिखाए और पुराने रिकॉर्ड के आधार पर चिरमिरी क्षेत्र में सक्रिय अवैध कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। गिरफ्तार लोगों का जुलूस निकालकर उन्हें “नशा का कारोबार अपराध है” जैसे नारे लगाने को कहा गया। चिरमिरी थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने मादक पदार्थ, इंजेक्शन, शराब, गांजा और सट्टा के अवैध कारोबारियों के खिलाफ सख्ती दिखाई। गिरफ्तार सभी 10 आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।



