छत्तीसगढ़ विधानसभा में गैस सिलेंडर को लेकर घमासान, विपक्ष के स्थगन प्रस्ताव पर गरमाई सियासत
Gas Issue in Assembly: छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के 9वें दिन शून्यकाल के दौरान प्रदेश में गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर मुद्दा गरमाया। इसे लेकर विपक्ष ने स्थगन प्रस्ताव लाते हुए चर्चा की मांग की, जिस पर पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हुई और सदन में जोरदार हंगामा देखने को मिला। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने स्थगन सूचना देते हुए कहा कि प्रदेश में गैस सिलेंडर की किल्लत के कारण लोग परेशान हैं। कई जगहों पर सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं और लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए इस मुद्दे पर सदन में चर्चा कराई जानी चाहिए।
यह भी पढ़ें:- दुर्ग अफीम कांड में राजस्थान कनेक्शन, बीज सप्लायर चौथा आरोपी गिरफ्तार
इस दौरान भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि गैस सिलेंडर और महंगाई का विषय राज्य विधानसभा का नहीं है। उन्होंने कहा कि यह केंद्र सरकार से जुड़ा मामला है, इसलिए इस पर राज्य विधानसभा में चर्चा नहीं हो सकती। चंद्राकर के इस बयान के बाद विपक्षी विधायकों ने जोरदार हंगामा शुरू कर दिया और सदन में नारेबाजी होने लगी। स्थिति को देखते हुए आसंदी को सदन की कार्यवाही पांच मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी। पांच मिनट बाद कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने फिर से स्थगन प्रस्ताव पर बोलना शुरू किया। (Gas Issue in Assembly)
अजय चंद्राकर ने दोबारा जताई आपत्ति
इस बीच विधायक अजय चंद्राकर ने दोबारा आपत्ति जताते हुए कहा कि महंगाई और गैस सिलेंडर केंद्र का विषय है और इस पर राज्य विधानसभा में चर्चा नहीं हो सकती। इस पर कांग्रेस विधायकों ने पलटवार करते हुए कहा कि अगर यह केंद्र का विषय है तो फिर सदन में ऑपरेशन सिंदूर जैसे मुद्दों पर चर्चा कैसे हुई थी। इसके बाद एक बार फिर सदन में तीखी बहस और हंगामा शुरू हो गया। नेता प्रतिपक्ष महंत ने कहा कि गैस सिलेंडर हर घर की जरूरत है और प्रदेश में लोग इसकी कमी से परेशान हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सबके घर में खाना बनता है, अजय चंद्राकर के घर में भी बनता होगा। जब लोगों को सिलेंडर नहीं मिलेगा तो खाना कैसे बनेगा ?
सिलेंडर ब्लैक में बेचे जा रहे: बघेल
उन्होंने कहा कि जनता की परेशानी को देखते हुए इस मुद्दे पर स्थगन प्रस्ताव के जरिए चर्चा कराई जानी चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी कहा कि भले ही गैस सिलेंडर केंद्र का विषय हो, लेकिन व्यवस्था राज्य स्तर पर होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में जमाखोरी हो रही है और कई जगहों पर सिलेंडर ब्लैक में बेचे जा रहे हैं। बघेल ने कहा कि गैस सिलेंडर नहीं मिलने से लोग परेशान हैं, रेस्टोरेंट तक बंद होने की स्थिति में आ रहे हैं और पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि अगर जमाखोरी हो रही है तो सरकार को बताना चाहिए कि उसे रोकने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं। (Gas Issue in Assembly)
विपक्ष का स्थगन प्रस्ताव खारिज
आसंदी ने विपक्ष के स्थगन प्रस्ताव को खारिज कर दिया। इसके बाद विपक्षी विधायकों ने सदन में जोरदार हंगामा और नारेबाजी की। कुछ विपक्षी विधायक गर्भगृह में पहुंच गए, जिसके चलते नियमों के तहत वे स्वमेव निलंबित हो गए। निलंबन के बाद विपक्षी विधायक सदन से बाहर निकल गए। बाद में विधानसभा सभापति ने कांग्रेस विधायकों का निलंबन समाप्त कर दिया। इस पूरे मामले पर कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री अनिला भेड़िया ने कहा कि प्रदेश में गैस सिलेंडर की कमी साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि घरों से लेकर शादी-विवाह तक हर जगह सिलेंडर की किल्लत है और कई रेस्टोरेंट बंद होने के कगार पर हैं।
कहीं भी गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं: केदार कश्यप
उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा परेशानी गृहिणियों को हो रही है और इससे प्रदेश सरकार का महिला विरोधी चेहरा भी सामने आ रहा है। इस पर कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि प्रदेश में 62 लाख से ज्यादा घरेलू गैस कनेक्शन हैं और कहीं भी गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार मॉनिटरिंग कर रही है और आपूर्ति व्यवस्था भी सुचारू है। कश्यप ने कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए ऐसे विषयों को उठाकर वह सदन और प्रदेश की जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के मुद्दे उठाकर कांग्रेस जमाखोरी को बढ़ावा देने की कोशिश कर रही है। (Gas Issue in Assembly)



