छत्तीसगढ़ में ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ की गूंज, रायपुर से सक्ती तक रैली, धरना और ज्ञापन के जरिए उठी बड़ी मांगें

Gau Samman Ahvaan Abhiyan: छत्तीसगढ़ में ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में बड़े स्तर पर रैली, धरना और ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किए गए। साधु-संतों के सान्निध्य में चल रहे इस देशव्यापी अभियान का उद्देश्य गौ माता को ‘राष्ट्रमाता’ का दर्जा दिलाना, गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करना और गौसेवा के लिए अलग मंत्रालय का गठन कराना है। राजधानी रायपुर में मां महामाया मंदिर से तहसील कार्यालय तक भव्य यात्रा निकाली गई। इस दौरान बड़ी संख्या में गौभक्त, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और आम नागरिक शामिल हुए।
यह भी पढ़ें:- रायपुर में पूर्व मंत्री के बेटे ने की आत्महत्या, भाई ने कहा- पत्नी के अफेयर से परेशान था जय
रैली में शामिल लोगों ने बताया कि गौ माता के सम्मान और संरक्षण को लेकर लोगों में जागरूकता तेजी से बढ़ रही है। हस्ताक्षर अभियान में भी लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है। वहीं बिलासपुर में गौवंश संरक्षण को लेकर शिवसेना ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। पदाधिकारियों ने जिलाधीश के सामने कई महत्वपूर्ण मांगें रखी। ज्ञापन में जिले की गौशालाओं की स्थिति सुधारने, बंद पड़ी गौशालाओं को फिर शुरू करने, गौवंश के लिए चारा, पानी और चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की गई। (Gau Samman Ahvaan Abhiyan)

वहीं सड़कों पर घूम रहे मवेशियों से बढ़ रही दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए उनके प्रबंधन के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की गई। गौ तस्करी और अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की भी मांग उठाई गई। सक्ती जिले के डभरा नगर में भी इसी अभियान के तहत रैली और ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह गायत्री मंदिर से शुरू हुई रैली थाना चौक होते हुए तहसील कार्यालय पहुंची, जहां तहसीलदार मनमोहन सिंह के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

जानकारी के मुताबिक यह अभियान देशभर की 5000 से ज्यादा तहसीलों में एक साथ चलाया जा रहा है। इसके तहत छत्तीसगढ़ से शुरुआत करते हुए एक साल तक चरणबद्ध तरीके से जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। गौ सेवकों ने नागरिकों, सामाजिक संगठनों, संत-महात्माओं और समाजसेवियों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में जुड़ने की अपील की है। उनका कहना है कि गौ माता भारतीय संस्कृति और आस्था का प्रमुख आधार हैं, इसलिए उनके संरक्षण, संवर्धन और सम्मान के लिए समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर कार्य करना होगा।
ज्ञापन और हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से उठ रही मांग
‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के जरिए प्रदेशभर में जनसमर्थन जुटाने की कोशिश तेज हो गई है। रैली, ज्ञापन और हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से उठ रही मांगों ने इस मुद्दे को एक बार फिर राष्ट्रीय बहस के केंद्र में ला दिया है। अभियान से जुड़े आयोजकों का कहना है कि गौ संरक्षण को लेकर कानून बनाने और ठोस नीति तैयार करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार तक जनभावनाएं पहुंचाने की रणनीति पर भी काम किया जा रहा है। लगातार बढ़ती भागीदारी को देखते हुए आयोजकों को उम्मीद है कि यह अभियान आने वाले समय में व्यापक जनसमर्थन हासिल करेगा और गौवंश संरक्षण के मुद्दे पर ठोस पहल की दिशा में दबाव बनाएगा। (Gau Samman Ahvaan Abhiyan)



