Google Analytics —— Meta Pixel

हमेशा से अभिव्यक्ति, प्रतिबिंब और परिवर्तन का एक शक्तिशाली माध्यम रही है कला: मंत्री गुरु खुशवंत साहेब

Gaura Exhibition Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में समकालीन कला का भव्य उत्सव ‘गौरा’ प्रदर्शनी के रूप में आयोजित किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ प्रोग्रेसिव आर्टिस्ट ग्रुप (CGPAG) की ओर से आयोजित इस तीसरी कला प्रदर्शनी का आयोजन 10 अप्रैल से 12 अप्रैल 2026 तक महंत घासीदास संग्रहालय, राजभवन के निकट पास आर्ट गैलरी में किया गया है। इस प्रतिष्ठित प्रदर्शनी में देशभर के 100 प्रसिद्ध कलाकारों की कलाकृतियां एक ही मंच पर प्रस्तुत की जा रही हैं, साथ ही चार विशिष्ट अतिथि कलाकारों की सहभागिता भी इस आयोजन को खास बना रही है। 

यह भी पढ़ें:- भीषण सड़क हादसा: बारातियों से भरी बस ट्रक से टकराई, 6 की मौत, 13 घायल 

प्रदर्शनी का उद्घाटन 10 अप्रैल को तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने किया। इस दौरान लेखक डॉ. चित्तरंजन कर (रायपुर), दृश्य कलाकार, कला लेखक, क्यूरेटर और संपादक वेद प्रकाश भारद्वाज (नई दिल्ली) उपस्थित रहे। उद्घाटन के बाद प्रदर्शनी आम दर्शकों के लिए खोल दी गई, जहां बड़ी संख्या में कला प्रेमी और विद्यार्थी पहुंच रहे हैं। ‘गौरा’ प्रदर्शनी समकालीन भारतीय कला की विविधता, सृजनात्मकता और अभिव्यक्ति का एक जीवंत मंच है। यहां प्रदर्शित कलाकृतियां न सिर्फ कलाकारों की रचनात्मकता को दर्शाती हैं, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक और मानवीय विषयों को भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करती हैं। (Gaura Exhibition Raipur)

यह प्रदर्शनी कला प्रेमियों, विद्यार्थियों और आम दर्शकों को देश के कई हिस्सों से आए कलाकारों की सोच और दृष्टिकोण को समझने का अनूठा अवसर प्रदान कर रही है। मंत्री गुरु खुशवंत ने कहा कि उन्हें गर्व है कि वे छत्तीसगढ़ की जीवंत और विविध कलात्मक भावना के इस उत्सव का हिस्सा बने हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है, जहां 100 प्रगतिशील कलाकार एक साथ आकर अपनी अनूठी दृष्टि और रचनात्मकता के माध्यम से सांस्कृतिक परिदृश्य को समृद्ध कर रहे हैं। प्रदर्शनी के क्यूरेटर डॉ. ध्रुव तिवारी ने कहा कि कला हमेशा से अभिव्यक्ति, प्रतिबिंब और परिवर्तन का एक सशक्त माध्यम रही है। (Gaura Exhibition Raipur)

कलात्मक प्रतिभा के लिए मंच

‘गौरा’ के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध कलात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी सिर्फ कलाकृतियों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि कलाकार और दर्शक के बीच एक संवाद है, जो दर्शकों को कलाकृतियों से भावनात्मक रूप से जुड़ने के लिए प्रेरित करता है। प्रदर्शनी में प्रस्तुत कृतियां कलाकारों के लचीलेपन, नवाचार और जुनून का प्रमाण हैं। ये कृतियां हमारी पहचान, विरासत, पर्यावरण और मानवीय अनुभव जैसे विषयों को दर्शाती हैं। हर कलाकृति अपने कलाकार की सोच और भावनाओं की एक झलक पेश करती है, जो शब्दों से परे जाकर दर्शकों को गहराई से प्रभावित करती है। CGPAG की संगठनात्मक संरचना में डॉ. ध्रुव तिवारी (क्यूरेटर), जितेन साहू (को-ऑर्डिनेटर), शांति तिर्की (एसोसिएट को-ऑर्डिनेटर) और अनिल खोबरागड़े (कोषाध्यक्ष) सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

कला के प्रति जिज्ञासा जगाने का प्रयास

डॉ. ध्रुव तिवारी ने दर्शकों से अपील की कि वे कलाकृतियों को सिर्फ देखें ही नहीं, बल्कि उन्हें महसूस करें, समझें और उनसे जुड़ें। उन्होंने विश्वास जताया कि यह प्रदर्शनी दर्शकों के भीतर कला के प्रति जिज्ञासा और प्रशंसा की भावना को प्रज्वलित करेगी। साथ ही उन्हें अपनी सांस्कृतिक विरासत से और अधिक जोड़ने में सहायक होगी। छत्तीसगढ़ प्रोग्रेसिव आर्टिस्ट ग्रुप (CGPAG) एक सक्रिय कला मंच है, जो कलाकारों को एकजुट कर समकालीन कला को प्रोत्साहित करने का कार्य कर रहा है। इससे पहले समूह की ओर से पहली प्रदर्शनी ‘सोहाई’ का आयोजन 12 से 14 अप्रैल 2025 तक महंत घासीदास संग्रहालय में किया गया था। ‘गौरा’ प्रदर्शनी न सिर्फ कला का उत्सव है, बल्कि यह समाज, संस्कृति और मानवीय संवेदनाओं के बीच एक सेतु का कार्य कर रही है। यह आयोजन दर्शकों को कला के माध्यम से सोचने, समझने और जुड़ने का अवसर प्रदान करते हुए शहर के सांस्कृतिक परिदृश्य को नई दिशा दे रहा है।

Back to top button
error: Content is protected !!