शक बना जानलेवा, दुर्ग में बॉयफ्रेंड ने की गर्लफ्रेंड की हत्या, खुद ही पुलिस को किया फोन, ऐसे खुला राज

Girlfriend Murder in Durg: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेम संबंध में शक और विवाद के चलते एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने खुद ही डायल-112 पर फोन कर घटना की सूचना दी। मामला पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है। मृतिका की पहचान यूनेश्वरी वर्मा (26) के रूप में हुई है, जो खैरागढ़ जिले के चिचोला की रहने वाली थी।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में अवैध धर्मांतरण पर सख्त कानून लागू, अब बिना प्रक्रिया धर्म बदलना पड़ेगा भारी
युवती दुर्ग में बी.एड की पढ़ाई कर रही थी। वहीं आरोपी कार्तिक राम साहू (27) बालोद जिले का रहने वाला है। दोनों की मुलाकात दुर्ग-बालोद रोड स्थित कोलिहापुरी के बीएम कॉलेज में बी.एड की पढ़ाई के दौरान हुई थी, जहां से उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई। जानकारी के मुताबिक आरोपी कार्तिक को यूनेश्वरी पर किसी अन्य युवक से अफेयर होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। घटना के दिन यानी 17 अप्रैल को भी इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठी। (Girlfriend Murder in Durg)
किराए के कमरे में ले जाकर की हत्या
बताया जा रहा है कि कार्तिक यूनेश्वरी को अपने सुभाष नगर स्थित किराए के कमरे में ले गया, जहां फोन नहीं उठाने को लेकर विवाद हुआ, जो इतना बढ़ा कि आरोपी ने गुस्से में आकर उसका गला दबा दिया, जिससे युवती की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को बताया कि उसकी गर्लफ्रेंड बेहोश हो गई है। मौके पर पहुंची टीम ने युवती को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। संदेह के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। (Girlfriend Murder in Durg)

आरोपी को फांसी देने की मांग
घटनास्थल से पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने अहम साक्ष्य जुटाए हैं। कमरे की स्थिति और अन्य परिस्थितियों से हत्या की पुष्टि हुई है। शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतिका के भाई पावेन वर्मा ने बताया कि यूनेश्वरी पढ़ाई में बेहद होनहार थी और संस्कृत विषय में बीए-एमए कर गोल्ड मेडलिस्ट रही थी। वह शिक्षक बनने के लिए दुर्ग में बी.एड में पढ़ाई कर रही थी, जो चौथे सेमेस्टर की छात्रा थी। परिवार को आरोपी के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन दुर्ग पहुंचे। उन्होंने आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग की है। भिलाई सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के मुताबिक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।



