Google Analytics —— Meta Pixel

बॉयफ्रेंड ने कीचड़ में सिर दबाकर की गर्लफ्रेंड की हत्या, आरोपी ने कहा- दूसरे लड़कों से करती थी बात

Girlfriend Murder in Janjgir: जांजगीर-चांपा जिले में एक युवती की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। शक और गुस्से ने एक युवक को इस कदर अंधा कर दिया कि उसने अपनी ही गर्लफ्रेंड को खेत के कीचड़ में सिर दबाकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा, जिन्होंने शव को सड़क पर रखकर जोरदार प्रदर्शन किया। दरअसल, नवागढ़ थाना क्षेत्र के पीपरा और बरगांव के बीच स्थित रामेश्वर साहू के खेत में 27 जनवरी की सुबह युवती की अर्धनग्न लाश कीचड़ में सनी मिली।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ पुलिस में पदोन्नति को लेकर विवाद, कवर्धा SP ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, भेदभाव का लगाया आरोप

मृतिका की पहचान पूजा महंत उर्फ पूनम महंत के रूप में हुई, जो पीपरा गांव की रहने वाली थी। लाश की हालत देखकर पुलिस ने शुरू से ही हत्या की आशंका जताई और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में तड़के सुबह 4:38 बजे दो युवक बाइक से जाते नजर आए। इसके कुछ ही मिनट बाद 4:45 बजे पूजा महंत अकेली मोबाइल पर बात करते हुए उसी रास्ते से गुजरती दिखाई दी। जांच में सामने आया कि पूजा किरीत गांव में आयोजित वार्षिक उत्सव देखकर रात करीब 12 से 1 बजे के बीच घर लौटी थी।

पूजा के पिता ने उसे घर आते देखा था। इसके बाद तड़के सुबह वह घर से निकली और कुछ ही देर बाद उसका शव खेत में मिला। पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी प्रवीण प्रकाश चंद्रा (28) ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि उसे पूजा पर शक था कि वह किसी दूसरे युवक से बातचीत करती है और उसे समय नहीं देती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में आकर प्रवीण ने पूजा को खेत में धक्का दिया और उसका सिर पकड़कर कीचड़ में दबा दिया। नाक और मुंह में कीचड़ भरने से पूजा की मौके पर ही दम घुटने से मौत हो गई। (Girlfriend Murder in Janjgir)

हत्या के बाद आरोपी को फरार कराने में उसके भाई लव प्रकाश चंद्रा (32) और दोस्त केशव चंद्रा (34) ने मदद की। दोनों ने प्रवीण को शिवरीनारायण बस स्टैंड से बाहर भेज दिया। पुलिस टीम ने लगातार पीछा करते हुए मुख्य आरोपी प्रवीण को पटना से गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी नवागढ़ थाना क्षेत्र के बरगांव के रहने वाले हैं। पुलिस ने मृतिका का मोबाइल, घटना के समय पहने कपड़े और आरोपी की बाइक जब्त की है। मुख्य आरोपी प्रवीण प्रकाश चंद्रा, उसके भाई लव प्रकाश चंद्रा और दोस्त केशव चंद्रा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। युवती की हत्या से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की।

हर एंगल से मामले की जांच कर रही पुलिस

परिजनों का आरोप था कि शुरुआत में आरोपियों को बचाने की कोशिश की जा रही थी, इसी कारण उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद आंदोलन समाप्त किया गया। ASP उमेश कश्यप ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और युवती के बीच शारीरिक संबंध थे। घटना के समय युवती के दूसरे लड़कों से बातचीत करने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने हत्या की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। यह हत्याकांड एक बार फिर समाज में रिश्तों में बढ़ते अविश्वास और महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है। (Girlfriend Murder in Janjgir)

Back to top button
error: Content is protected !!