Google Analytics —— Meta Pixel

भारत की प्रगति से दुनिया को मिला है नया भरोसा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

Global Fintech Fest 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई में आयोजित ‘ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026’ का उद्घाटन किया। साथ ही कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दुनियाभर से आए नवोन्मेषकों, अग्रणी हस्तियों और निवेशकों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सरकार में अपने तीसरे कार्यकाल के बाद इस कार्यक्रम में लगातार तीसरी बार शामिल होना, राष्ट्रीय महत्व की एक बेहद अहम हैट्रिक जैसा महसूस हो रहा है। PM मोदी ने कहा कि यह हैट्रिक बताती है कि विकसित भारत के लिए आप कितने महत्वपूर्ण हैं और आपका काम कितना अहम है। हर बार जब मैं यहां आता हूं तो मुझे पहले से ज्यादा युवा दिखाई देते हैं, पहले से ज्यादा एनर्जी अनुभव होती है। मुझे संभावनाओं का विस्तार होता दिखता है। ये साफ साफ लगता है कि जोखिम उठाने की क्षमता बढ़ रही है, ड्रीम्स और बोल्ड हो रहे हैं। इसलिए विकसित भारत के फ्यूचर को लेकर मेरा विश्वास और मजबूत हो रहा है।

यह भी पढे़ं:- UCC को लेकर राजनांदगांव में हुई दूसरी बैठक, सामाजिक-धार्मिक संगठनों ने दिए सुझाव

PM मोदी ने कहा कि फिनटेक की इस एनर्जी के बीच ही मुंबई में सांस्कृतिक ऊर्जा भी इन दिनों चरम पर है। कुछ ही दिनों में महाराष्ट्र समेत पूरे देश में गणेशोत्सव शुरू होने जा रहा है। हमारे यहां हर शुभ कार्य से पहले भगवान गणेश को याद किया जाता है। मैं गणपति बप्पा को नमन करते हुए, आप सभी को ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं। दुनिया के हालात क्या हैं, ये आप सब भलीभांति जानते हैं। दुनिया संघर्ष और अन-सर्टेनिटी के दौर से गुजर रही है। ऊर्जा और कमोडिटीज की सप्लाई चेन्स पर दबाव है, व्यापार को लेकर भी तनाव है। ये स्थितियां कई महीनों से बनी हुई हैं। इसमें भी अप्रैल से जून का क्वार्टर सबसे चैलेंजिंग रहा है। इसमें भी जब भारत, सात दशमलव आठ प्रतिशत से ग्रो करता है तो दुनिया को एक नया भरोसा मिलता है। ये जो विश्वास है, वो मैं यहां आप सभी के चेहरों पर भी साफ-साफ देख रहा हूं। (Global Fintech Fest 2026)

उन्होंने कहा कि भारत पर इस बढ़ते भरोसे का एक और उदाहरण हमारी सॉवरीन रेटिंग्स भी है। हाल में ही जापान की क्रेडिट रेटिंग एजेंसी ने भारत की सॉवरीन रेटिंग्स को A-कैटेगरी में अपग्रेड किया है। अपग्रेड करना तो खुशी की बात है, लेकिन बहुत कम लोगों को मालूम है कि ये सौभाग्य तीन दशक के बाद आया है, तीस साल के बाद। ये दिखाता है कि भारत के ग्रोथ मोमेंटम, हमारी मैक्रो-इकोनॉमिक स्टेबिलिटी और जो स्ट्रक्चरल रिफॉर्म्स बीते सालों में किए हैं, उन सब को लेकर दुनिया कितनी आश्वस्त है। मैं फिर कहूंगा कि भारत की ये रिफॉर्म एक्सप्रेस और तेज रफ्तार से आगे बढ़ेगी। भारत की फिनटेक स्टोरी अद्भुत रही है। इसका एक बड़ा चैंपियन हमारा UPI है। मैंने पिछले साल भी इसकी चर्चा की थी, लेकिन ये इतनी बड़ी ट्रांसफॉर्मेशन है कि जब भी फिनटेक की चर्चा होगी तो वो UPI के बिना अधूरी ही होगी। अभी कुछ ही दिन पहले 25 अगस्त को UPI ने अपने 10 साल पूरे किए हैं। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि 10 साल पहले जब मैं कहता था कि आपका बैंक आपकी फिंगर टिप्स पर होगा तो कुछ लोगों को ये असंभव लगता था और मैं अच्छी जानकारी रखने वाले लोगों की बात कर रहा हूं, चेहरा याद कर लीजिए। मैं उन करोड़ों भारतीयों की बात नहीं कर रहा हूं, जिनके तब बैंक अकाउंट भी नए-नए खुले थे। उनकी तो अनेक पीढ़ियों ने बैंक का दरवाजा तक नहीं देखा था, लेकिन आज 10 साल बाद देखिए, वही करोड़ों लोग, जो पीढ़ियों से बैंकिंग सिस्टम से बाहर थे, वे भारत में फिनटेक ग्रोथ के बड़े ड्राइवर बन गए हैं। आज अकेले अगस्त महीने में ही UPI से चौबीस सौ करोड़ से ज्यादा लेनदेन हुए हैं। यानी हम यहां जितनी देर से बैठे हैं, सिर्फ 10 मिनट में ही, औसतन 50 लाख से ज्यादा UPI ट्रांजेक्शन देशभर में हो चुके होंगे। यही प्रभाव है, जिसके कारण फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने कहा था कि UPI सिर्फ एक टेक स्टोरी नहीं है, ये एक सिविलाइजेशनल स्टोरी है। UPI अब सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है। कुछ साल पहले यहां कोई कहता कि विदेश में भी भारत के बैंक अकाउंट से पेमेंट कर देगा तो शायद ही कोई विश्वास करता, लेकिन आज यह एक हकीकत है। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत का UPI अब दुनिया के 11 देशों में लाइव है। ये अद्भुत आंकड़े हैं, जो हमें बताते हैं कि हमने कितना लंबा सफर तय किया है, लेकिन अब सवाल ये है कि क्या हम इस सफर से संतुष्ट हो जाएं? क्या भारत में फिनटेक की सफलता को ही फाइनल मान लिया जाए? पॉलिसी और गवर्नेंस से जुड़े इकोसिस्टम में मुझे अब 25 साल पूरे होने वाले हैं और जिन्होंने भी मुझे इन सालों में देखा है, वो जानते हैं, मोदी एक पड़ाव पर पहुंचकर जश्न मनाकर संतुष्ट होने वालों में से नहीं है। जब एक लक्ष्य प्राप्त होता है तो मैं उससे भी बड़े लक्ष्य की तैयारी में जुट जाता हूं। आज हमारा UPI कई देशों में पहुंचा है, लेकिन ये फर्स्ट स्टेप है। अब उन देशों के पेमेंट सिस्टम्स के साथ जुड़ना हमारा अगला लक्ष्य होना चाहिए। सिंगापुर के साथ हम ये कर चुके हैं। इससे भारत और सिंगापुर के बीच ट्रांजेक्शन वैसे ही हो पा रहे हैं, जैसे एक ही शहर के दो मोहल्लों के बीच होता है। यही कनेक्शन हमें अन्य देशों, अन्य बाजारों में भी बिल्ट करना है, इसी लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ना होगा, जहां भी भारतीय बड़ी संख्या में रहते हैं, जहां भी भारत बड़े पैमाने पर ट्रेड करता है, दुनिया का जो भी देश हमारे साथ चलने को तैयार है, हमें उन सबको जोड़ने के लिए काम करना होगा। ये इसलिए भी जरूरी है, क्योंकि विदेशों में बड़ी संख्या में भारतीय काम करते हैं। 

उन्होंने कहा कि दुनिया में सबसे ज्यादा भारतीय ही विदेश से पैसा भेजते हैं, लेकिन आज उस पैसे का एक हिस्सा, ट्रांजैक्शन कॉस्ट में चला जाता है। UPI, भारतीयों को इसमें भी बचत दिला सकता है और पैसा तेजी से भारतीय परिवारों के पास पहुंच सकता है। आज आप भारत में कार्ड से पेमेंट कैसे करते हैं? यह सिस्टम उन स्टैंडर्ड्स पर चलता है, जो कहीं और डिजाइन किए गए थे। हमने उन स्टैंडर्ड्स और रूल्स को अपनाया, जो दूसरों ने बनाया था। उस समय हमारे पास अपना कोई विकल्प नहीं था, लेकिन अब हमारे पास अपना विकल्प है, अब हम अपने खुद के रूल्स और स्टैंडर्ड बना सकते हैं। साथ ही उन्हें दुनिया के साथ जोड़ सकते हैं। मुझे आप सभी पर पूरा भरोसा है कि आप ये कर सकते हैं। टेक्नॉलॉजी, इंक्लूजन का सबसे प्रभावी टूल है और UPI ने ये करके दिखाया है। जब फिनटेक की बात आती है तो इसका यूनीक फीचर ही वहां पहुंचने का होना चाहिए, जहां ट्रेडिशनल मॉडल नहीं पहुंच पाए, जहां पारंपरिक बैंक नहीं पहुंच पाए, जहां बैंक ब्रांच नहीं पहुंच पाई, UPI ने बैंकिंग व्यवस्था को उस स्थान, उस व्यक्ति तक पहुंचा दिया है।

PM मोदी ने कहा कि आज फिनटेक बाजार का एक बड़ा हिस्सा सिर्फ पेमेंट्स का है, लेकिन अब हमें, यहां से नेक्स्ट लेवल पर जाना है, तेजी से जाना है। अब फिनटेक मार्केट में, पेमेंट्स के साथ-साथ, क्रेडिट ट्रांजैक्शन्स का हिस्सा भी बढ़ना चाहिए, इंश्योरेंस का हिस्सा बढ़ना चाहिए, सेविंग्स, इन्वेस्टमेंट्स और पेंशन का हिस्सा बढ़ना चाहिए। मैं समझता हूं फिनटेक देश की उस ताकत को उभार सकता है, जो अभी ट्रेडिशनल फाइनेंशियल मॉडल्स की रीच से बाहर है, या उस प्रकार से एड्रेस नहीं हो पा रही है। विकसित भारत के लिए इस ताकत का उभार बहुत जरूरी है। इसका इंपैक्ट क्या होता है, ये हम अभी पीएम स्वनिधि की सफलता से देख ही रहे हैं। हमारे स्ट्रीट वेंडर्स शहरों की रीढ़ हैं, लेकिन ये देश के बैंकिंग सिस्टम और फॉर्मल क्रेडिट सिस्टम से बाहर थे। पीएम स्वनिधि ने देश के लाखों स्ट्रीट वेंडर्स को फॉर्मल सिस्टम से जोड़ा और अब इन साथियों के पास भी स्वनिधि क्रेडिट कार्ड है। यानी इनके पास एक फॉर्मल क्रेडिट एक्सेस का टूल है और अध्ययन बताती हैं कि स्वनिधि के इन बेनिफिशरीज की एवरेज एनुअल इनकम ट्वेंटी परसेंट से ज्यादा बढ़ी है। यही नहीं, इससे इन परिवारों की हाउसिंग, न्यूट्रिशन, हेल्थकेयर एक्सेस और बच्चों की एजुकेशन में भी बहुत सुधार हुआ है। इसलिए सरकार ने इस स्कीम को 2030 तक बढ़ाने का फैसला भी लिया है। (Global Fintech Fest 2026)

उन्होंने कहा कि PM स्वनिधि को ये सफलता हासिल ही नहीं होती, अगर UPI ही नहीं होता। इस स्कीम की सफलता में UPI की एक बहुत बड़ी भूमिका है। इसी अनुभव से सीखते हुए हमें फिनटेक की ताकत से इकोनॉमिक एक्टिविटीज को और बढ़ाना है। मैं आपको कैपिटल और क्रेडिट की दुनिया से एक उदाहरण देता हूं। एक बहन है, जो एक छोटी दुकान चलाती है। उसको हर दिन डिजिटल पेमेंट मिलता है। अब उसकी इनकम और खर्च में एक क्लीयर पैटर्न दिखता है। उसका बिजनेस काफी अच्छा चल रहा है। वो उस लेवल से आगे बढ़ चुकी है, जहां कम कैपिटपल भी काफी था। अब उसे अपने बिजनेस को स्केल-अप करने के लिए सामान चाहिए, इक्विपमेंट्स चाहिए और इसके लिए थोड़े ज्यादा पैसे की जरूरत है। ये बहुत बड़ा क्रेडिट नहीं है और उस बहन का बिजनेस अभी भी इतना छोटा है कि ट्रेडिशनल क्रेडिट मॉडल, उसको एफिशियंट सर्विस नहीं दे सकते। इस प्रकार के बिजनेस हैं, जिनकी जरूरतों को फिनटेक, एनालाइज, एंटिसिपेट और एड्रेस कर सकते हैं और ऐसे बिजनेसेज की संख्या बहुत बड़ी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि टेक्नॉलॉजी हमें ऐसे बिजनेसेज की इकोनॉमिक एक्टिविटीज को स्टडी करने और उनके लिए क्यूरेटेड मॉडल डिजायन करने में बहुत काम आ सकती है। मेरा मानना है कि फिनटेक का नेक्स्ट चैप्टर, यहीं लिखा जाएगा। हमने पेमेंट्स में स्पीड और स्केल दिखाई है। अब हमें नॉन-पेमेंट्स ट्रांजैक्शन्स का शेयर बढ़ाने में मदद करनी होगी। जैसे कोई डिलिवरी पार्टनर है या अपना कोई छोटा-मोटा काम करने वाला व्यक्ति है, वो हर महीने कमाता है, लेकिन उसे सेविंग्स और पेंशन प्रोडक्ट्स जैसी सर्विसेज तक एक्सेस चाहिए। ऐसे लोगों की जरूरतों को फिनटेक एड्रेस कर सकता है। ऐसे ही फिनटेक, इंश्योरेंस प्रोडक्ट्स और अन्य फाइनांशियल सर्विसेज तक भी एक्सेस आसान बना सकता है। ये सब भी उतने ही सरल, सहज और सुलभ हो सकते हैं, जितना आसान आज क्यूआर कोड से पेमेंट करना है। 21वीं सदी का पहला क्वार्टर खत्म हो चुका है। अब हम साल 2026 में हैं। अब दूसरा क्वार्टर हमारे लिए और भी नई संभावनाएं लेकर आया है। (Global Fintech Fest 2026)

उन्होंने कहा कि एजेंटिक AI, टोकनाइजेशन, क्वांटम, ऐसी टेक्नोलॉजीज फाइनेंशियल सेक्टर में नई संभावनाओं के द्वार खोल रही हैं। अब हमारे सामने चुनौती है, इन संभावनाओं को वास्तविक प्रभाव में कैसे बदलें और इसके लिए मैं चाहता हूं हमारी फिनटेक कंपनियां साथ मिलकर कुछ टास्क अपने लिए सेट करें और इसके लिए मैं कुछ सुझाव भी आपके बीच रखना चाहता हूं। पहला- हमें भारत में साइबर सुरक्षा को टॉप नॉच बनाना है। दूसरा- हमारी इंडस्ट्री के पास अपने इथिकल डेटा प्रोटेक्शन स्टैंडर्ड्स होने चाहिए। तीसरा- हमें एक मजबूत, फिनटेक रेगुलेटर इंडस्ट्री इनोवेशन इकोसिस्टम बनाना है। और चौथा-हमारे पास एक फिनटेक कंज्यूमर प्रोटेक्शन इंडेक्स होना चाहिए, जिसके आधार पर हर कंपनी की पारदर्शी रेटिंग हो सके। अगर हम इन कसौटियों पर खुद को कसेंगे तो भारत का फिनटेक क्षेत्र की संभावनाएं का गेटवे बन सकता है। हमारे पास अनुभव भी है, उसे जमीन पर उतारने का तरीका भी है। इसलिए हमें तेजी से काम करना है। डिजिटल इंडिया की सक्सेस स्टोरी अब एक नए अध्याय के लिए तैयार है। हमारी फिनटेक सक्सेस स्टोरी की अब तक की सफलता, स्केल है, स्कोप है, सिक्योर सिस्टम्स हैं, डेमोक्रटाइजेशन ऑफ टेक्नॉलॉजी है और जनता का ट्रस्ट है। इन्हीं कोर वैल्यूज को ध्यान में रखते हुए फिनटेक सेक्टर को नेक्स्ट जेनरेशन इनोवेशन पर फोकस करना है।

Back to top button
error: Content is protected !!