71 हजार सैलरी वाले सरकारी शिक्षक का फर्जीवाड़ा !, फर्जी आय प्रमाण-पत्र बनवाकर बेटी को दिलाई मुफ्त शिक्षा

Government Teacher of Jashpur: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के बागबहार से सरकारी योजनाओं के दुरुपयोग का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक सरकारी शिक्षक ने अपनी बेटी को गरीबों के लिए बनाई गई पंडित जवाहरलाल नेहरू उत्कर्ष योजना का लाभ दिलाने के लिए फर्जी आय प्रमाण-पत्र बनवाया। जानकारी के मुताबिक बागबहार क्षेत्र स्थित सरकारी कन्या पूर्व माध्यमिक शाला में पदस्थ शिक्षक चमरसाय पैकरा पर गंभीर आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपनी बेटी कुमारी उमा भारती पैकरा को अनुसूचित जनजाति वर्ग के तहत संचालित पंडित जवाहरलाल नेहरू उत्कर्ष योजना में प्रवेश दिलाने के लिए आय से जुड़ा गलत दस्तावेज प्रस्तुत किया।
यह भी पढ़ें:- धर्मांतरण पर सियासत तेज, सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भाजपा-कांग्रेस में वार-पलटवार, संतों की भी एंट्री
यह योजना विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर आदिवासी छात्रों को निशुल्क आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित की जाती है। दस्तावेजों के मुताबिक साल 2023-24 में शिक्षक चमरसाय पैकरा की मासिक सैलरी करीब 71,000 है, जिसके आधार पर उनकी वार्षिक आय करीब 7 लाख 83 हजार 360 बैठती है, लेकिन आरोप है कि तहसीलदार के माध्यम से बनवाए गए आय प्रमाण-पत्र में उनकी वार्षिक आय सिर्फ 75,000 दर्शाई गई। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यह प्रमाण-पत्र कथित रूप से सांठगांठ कर बनवाया गया। इसी दस्तावेज के आधार पर 2024-25 में उनकी बेटी को कक्षा 6वीं में प्रवेश मिला। चयन सूची में उसका नाम क्रमांक-08 पर दर्ज था। वर्तमान में वह कक्षा 7वीं में पढ़ाई कर रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले में पत्थलगांव के एसडीओपी ध्रुवेश कुमार जायसवाल ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है। अगर जांच में कोई भी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह मामला न सिर्फ एक व्यक्ति विशेष पर लगे आरोपों तक सीमित है, बल्कि यह भी सवाल खड़ा करता है कि क्या गरीब और जरूरतमंद बच्चों के लिए बनाई गई योजनाओं में इस तरह की गड़बड़ियां अन्य जगहों पर भी हो रही हैं ? जांच रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ पाएगी। (Government Teacher of Jashpur)



